रांची। प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि झारखंड के विकास पर छाये लंबे ग्रहण का कारण है भाजपा का झूठ, छल-प्रपंच, कपटपूर्ण और भ्रष्टाचार से भरा-पूरा राजनीतिक नजरिया। यह सभी समस्याओं की जड़ में है। तिर्की ने कहा कि 15 नवंबर 2000 को प्रदेश गठन के बाद 24 साल पूरे होने को आये हैं और अब झारखंड अपने रजत जयंती जैसे महत्वपूर्ण वर्ष में प्रवेश करेगा। इस युवावस्था में जहां अपने पैरों पर खड़े होने के विषय में सभी लोग बेहद गंभीरता के साथ सोचते हैं, वहीं, यह दुर्भाग्य की बात है कि सामाजिक-आर्थिक विकास के मामले में आज भी झारखंड देश के पिछड़े प्रदेशों में शामिल है।

तिर्की ने कहा कि पिछले 24 साल में 17 साल भाजपा का शासन रहा और उसने इस दौरान झारखंड की आर्थिक, सामाजिक एवं राजनीतिक व्यवस्था को खोखला कर दिया है। उन्होंने कहा कि अपने शासनकाल के दौरान भाजपा के प्रत्येक मुख्यमंत्री ने केवल भ्रष्ट और वैसे बाहरी तत्वों को प्रोत्साहित किया, जिनका झारखंड गठन के आंदोलन के साथ-साथ यहां के समाज, राजनीति और विकास से कोई भी भावनात्मक लगाव नहीं था। उन्होंने कहा कि हालांकि पिछले 5 साल के अपने कार्यकाल के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में काम कर रही इंडिया गठबंधन की सरकार ने उस वातावरण को परिवर्तित करने का बहुत अधिक प्रयास किया। लेकिन हेमंत सरकार को शुरू से ही प्रत्यक्ष-परोक्ष रूप से केंद्र सरकार, भाजपा नेताओं एवं केंद्र सरकार की एजेंसियों के द्वारा अस्थिर करने का प्रयास किया जाता रहा है, जो किसी से भी छुपा हुआ नहीं है।

तिर्की ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी प्रत्येक यात्रा के दौरान झारखंड से हजारों करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास या उद्घाटन करते हैं। पिछले 2 अक्टूबर को भी हजारीबाग में उन्होंने 83 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास या उद्घाटन किया। लेकिन उसमें से अधिकांश योजनाएं राष्ट्रीय स्तर की हैं, जो अन्य प्रदेशों में स्थापित की जायेंगी। भाजपा नेताओं और विशेष रूप से केंद्र सरकार को यह बताना चाहिए कि उस 83 हजार करोड़ या पहले की लाखों-करोड़ों रुपये की उन योजनाओं में से कितने का लाभ झारखंड के आदिवासियों, मूलवासियों और यहां के लोगों के हित में होगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version