भाजपा के पंचप्रण, महिलाओं और युवाओं पर खास फोकस
-गरीबों से लेकर युवाओं के लिए किये गये वादे
-प्रदेश चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान और सह प्रभारी हिमंता विस्वा सरमा समेत अन्य नेता थे मौजूद
अजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड में विधानसभा चुनाव की घोषणा जल्द होने की उम्मीद है। नवंबर-दिसंबर में चुनाव होने की उम्मीद है। सभी राजनीतिक दल इसकी तैयारी में जुटे हुए हैं। जनता से नये-नये वादे किये जा रहे हैं। इसी क्रम में भाजपा ने शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में अपना ‘पंच प्रण’ जारी किया। भाजपा ने विधानसभा चुनाव को लेकर ‘पंच प्रण’ यानी पांच महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री और प्रदेश चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश चुनाव सह प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक उपस्थित थे। सभी ने मिल कर ‘पंच प्रण’ जारी किया।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि नवरात्रि में हम सब नव दिनों तक आराधना करते हैं। भाजपा भी मां दुर्गा और शक्ति की आराधना के साथ देश की आराधना में लगी हुई है। भाजपा मां-बहनों के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। भाजपा और मोदी सरकार में मां-बहनों के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गसर। इससे महिलाओं के लिए विधानसभा और लोकसभा में सीटें आरक्षित हुईं। भाजपा ने सुकन्या समृद्धि योजना शुरू की। महिलाओं को मुफ्त में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया। भाजपा ने स्वस्थ भारत स्वच्छ भारत अभियान चलाया। गरीबों को पीएम आवास का घर दिलाया। पीएम मातृ गरीब योजना, लखपति दीदी योजना और जनधन योजना के तहत 30 करोड़ खाता खोला गया। भाजपा ने छात्रों को साइकिल देना प्रारंभ किया। ऐसी कई योजनाओं से भाजपा ने देश और राज्य का विकास किया है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इन योजनाओं का उदाहरण सिर्फ इसलिए रखा गया, ताकि लोगों को यह नहीं लगे कि हेमंत सोरेन जो अभी योजनाएं ला रहे हैं, उसको देख कर भाजपा ये योजनाएं लागू कर रही है।

भाजपा की पांच घोषणाएं
-भाजपा गोगो दीदी योजना शुरू करेगी। इसके तहत झारखंड की बहनों-माताओं के बैंक खाते में हर महीने की 11 तारीख को 2,100 रुपये तक की वित्तीय सहायता हस्तांतरित की जायेगी।

-भाजपा राज्य में लक्ष्मी जोहार शुरू करेगी। इसके तहत सभी घरों में 500 रुपये में एलपीजी गैस सिलेंडर और साल में दो मुफ्त सिलेंडर उपलब्ध करायेगी।

-भाजपा राज्य में सुनिश्चित रोजगार शुरू करेगी। इसके तहत झारखंड में युवाओं के लिए 5 साल में 5 लाख स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा, 2.87 लाख खाली सरकारी पदों के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से भर्ती की जायेगी। इसे सुनिश्चित करने के लिए, पहली कैबिनेट बैठक में ही भर्ती प्रक्रिया शुरू की जायेगी। इससे नवंबर 2025 तक 1.5 लाख भर्तियां पूरी हो जायेंगी। इसके अलावा, एक वार्षिक कैलेंडर पेश किया जायेगा, जिसमें सभी मौजूदा परीक्षाओं को एक ही परीक्षा में शामिल किया जायेगा।

-भाजपा उन युवाओं की चुनौतियों का समाधान करेगी, जो अपना करियर शुरू करने में संघर्ष कर रहे हैं। इसके लिए भाजपा हर स्नातक और स्नातकोत्तर युवा को दो साल के लिए 2,000 रुपये प्रति माह का युवा साथी भत्ता देगी। इससे उन्हें अपनी पढ़ाई और करियर के खर्चों जैसे की किताबें और कोचिंग फीस को पूरा करने में मदद मिलेगी।

-भाजपा राज्य में घर साकार शुरू करेगी। इसके तहत झामुमो सरकार के कुशासन को सुधारने और सभी के लिए गुणवत्तापूर्ण आवास सुनिश्चित करने के लिए घरों के निर्माण के लिए मुफ्त बालू उपलब्ध करायेगी। प्रधानमंत्री आवास योजना को पूर्ण रूप से लागू करके 21 लाख घरों का निर्माण और प्रत्येक को एक लाख रुपये की बढ़ी हुई सहायता प्रदान करेगी। इसके अतिरिक्त, 2027 तक जल जीवन मिशन के माध्यम से 59 लाख घरों को नल के पानी का कनेक्शन प्रदान किया जायेगा।

 

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version