रविवार को प्रशासन ने किसी तरह मूर्ति का विसर्जन करवाया
गढ़वा। गढ़वा थाना क्षेत्र के लखना गांव में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान हुए विवाद और मारपीट में शनिवार को करीब एक दर्जन लोग घायल हो गये थे। गांव में बारह घंटे तक तनाव का माहौल बना रहा। देर रात तक नारेबाजी, पथराव और हिंसा की घटना होती रही। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद रविवार को प्रतिमा विसर्जन हुआ। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिसबल तैनात कर दिया गया है। मारपीट में घायल तीन लोगों की हालत गंभीर है। इनमें से दो को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया। नसीर और रोहित को डॉक्टरों की सलाह पर रिम्स रेफर किया गया, जबकि शेष घायलों का इलाज गढ़वा सदर अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार शनिवार को लखना गांव में प्रतिमा विसर्जन को लेकर जुलूस निकाला गया था। जुलूस जब मुस्लिम बहुल इलाके में पहुंचा, तो कुछ युवकों ने जुलूस ले जाने से मना किया। रास्ते पर चौकी और वाहन खड़ा कर रोड जाम कर दिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया। प्रतिमा विसर्जन में शामिल लोग उसी रास्ते से जुलूस ले जाने पर अड़ गये। रात 10 बजे तनाव काफी बढ़ गया और दोनों तरफ से मारपीट और पथराव शुरू हो गया।
गोलीबारी की भी अफवाह फैली। हालांकि प्रशासन ने इससे इनकार किया है। मारपीट और पथराव में दोनों पक्षों की ओर से करीब एक दर्जन लोग घायल हो गये, जिनमें तीन की हालत गंभीर है। घटना की सूचना के बाद गढ़वा एसपी दीपक पांडे सहित कई अधिकारी गांव में पहुंचे और मामले को शांत कराया। दोनों पक्षों से वार्ता के बाद रविवार की सुबह प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।