बरवाडीह। बरवाडीह थाना क्षेत्र के चर्चित खाद्यान्न गबन मामले का पुलिस ने खुलासा कर मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार व्यक्ति पर सरकारी चावल के 586 क्विंटल गबन का आरोप है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त सर्वेश कुमार सिंह, जो बरवाडीह के पूर्व एजीएम एवं लातेहार प्रखंड के तरवाड़ीह पंचायत में पंचायत सेवक के पद पर कार्यरत था, को लातेहार प्रखंड कार्यालय से गिरफ्तार किया गया।

यह मामला 586 क्विंटल सरकारी चावल के गबन से संबंधित है। बरवाडीह थाना प्रभारी अनूप कुमार ने जानकारी दी कि इस संबंध में 30 मई 2025 को बरवाडीह थाना कांड संख्या 30/2025 दर्ज किया गया था। इसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 409 और 420 के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया था।

पुलिस जांच में पाया गया कि अभियुक्त ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए सहायक गोदाम बंधक पर रखे सरकारी खाद्यान्न का गबन किया था। बरवाडीह पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक अभियुक्त सर्वेश कुमार सिंह (उम्र लगभग 37 वर्ष, पिता – युगल किशोर सिंह, ग्राम – डाढ़ा, थाना – बारियातु, जिला – लातेहार) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version