पूर्वी सिंहभूम। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को टाटानगर मण्डल क्षेत्र में हमारे वोटों की चोरी रोकें जन-जागरूकता और हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे और मंडल अध्यक्ष मुन्ना मिश्रा ने किया।
मौके पर जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में हो रही हेराफेरी और नागरिकों को मताधिकार से वंचित करने की कोशिशों पर रोक लगाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र की जड़ हर मतदाता के अधिकार से मजबूत होती है, लेकिन वर्तमान में कई विधानसभाओं में लाखों नाम मतदाता सूची से गायब हैं, अनेक प्रविष्टियां डुप्लीकेट या अधूरी हैं और कुछ समुदायों को निशाना बनाया जा रहा है। इसे उन्होंने जनता की आवाज की चोरी बताया।
पारदर्शी शिकायत निवारण व्यवस्था बनाए आयोग : दुबे
दुबे ने चुनाव आयोग से मतदाता सूची को मशीन रीडेबल प्रारूप में फोटो सहित सार्वजनिक करने, चुनाव से पहले जोड़े और हटाए गए नामों की सूची फोटो के साथ उपलब्ध कराने और हटाए गए नाम पर त्वरित एवं पारदर्शी शिकायत निवारण व्यवस्था बनाने सहित अन्य मांग की।
अभियान में आम नागरिकों और स्थानीय दुकानदारों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि यह कदम लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए जरूरी है। उन्होंने कांग्रेस के इस प्रयास का समर्थन करते हुए हस्ताक्षर कर अपनी सहमति जताई।
कार्यक्रम में आनन्द बिहारी दुबे, मुन्ना मिश्रा, आशीष ठाकुर, ब्रजेन्द्र तिवारी, रंजीत सिंह, अवधेश कुमार सिंह, सन्नी सिंह, सुल्तान अहमद, शमशेर आलम, नारायण डे, रोहन रजक मोनू सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थेे।