पूर्वी सिंहभूम। जमशेदपुर पश्चिम से विधायक सरयू राय ने शनिवार को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को पत्र लिख कर छठ महापर्व को लेकर विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्था करने का आग्रह किया है। उपायुक्त को लिखे पत्र में सरयू राय ने कहा है कि विभिन्न छठ घाटों तक पहुंच पथ का समतलीकरण और घाटों की साफ-सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, गोताखोरों की व्यवस्था, चेंजिंग रूम की व्यवस्था, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, नदी में डेंजर जोन चिन्हित करने का निशान लगाने सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा का इंतजाम करने की आवश्यकता है। इस संबंध में उनके प्रतिनिधियों और जनता दल (यू) के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया है।

उन्‍होंने कहा कि जमशेदपुर अक्षेस क्षेत्र के अंतर्गत सोनारी दोमुहानी छठ घाट, डोबो पुल छठ घाट, बच्चा सिंह बस्ती सहित अन्‍य छठ घाटों पर उपरोक्त व्यवस्था करने की जरूरत है। विधायक सरयू राय ने मानगो के गोकुल नगर, रोड नंबर-04 स्थित छठ घाट, पोस्ट ऑफिस स्थित अनुकूल ठाकुर छठ घाट, गौड़ बस्ती, बगरा कुली स्थित छठ घाट, गौड़ बस्ती शांति नगर स्थित सूर्य मंदिर छठ घाट, वर्कस कॉलेज स्थित छठ घाट, साई सूरज आश्रम स्थित छठ घाट, शंकोसाई राम नगर स्थित छठ घाट, शंकोसाई सहित अन्‍य छठ घाटों पर भी उचित व्यवस्था कराने का आग्रह किया है, ताकि छठव्रतियों को कोई असुविधा न हो। पत्र की प्रतिलिपि उप नगर आयुक्त, मानगो नगर निगम और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति को भी दी गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version