खूंटी। कर्रा थाना क्षेत्र के छाता गांव में शनिवार को कोपेया धान नामक 30 वर्षीय युवक की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए हत्या के आरोपित दो सगे भाइयों माँगरा धान और चामा धान को छोटा छाता गांव से रविवार को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में पुलिस की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो को गुप्त सूचना मिली कि कोपेया धान की हत्या के दोनों आरोपित अपने गांव छोटा छाता गांव में छिपे हुए हैं। एसपी के निर्देश पर सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी क्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने रविवार को छापेमारी कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस टीम में एसडीपीओ के अलावा तोरपा अंचल के पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, कर्रा के थाना प्रभारी मनीष, कुमार, एसआई भारत भूषण पटेल, एएसआई मनोरंजन सिंकू और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपितों की निशानदेही पर हत्या के आरोपित की चप्पल और खून लगा जींस पैंट बरामद किया है। उल्लेखनीय है कि आरोपितों ने शनिवार को कोपेया धान की उस समय हत्या कर दी थी। जब वह खेत में काम कर रहा था। उन्हें आशंका थी कि कोपेया धान का अवैध सम्बन्ध आरोपित की पत्नी के साथ था।

