रांची। दीपावली पर झारखंड पुलिस के शहीद परिवार को झारखंड सरकार की तरफ से तोहफा मिला है। राज्य सरकार उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बना कर देगी। यह घोषणा मुख्यमंत्री रघुवर दास द्वारा आइपीएस वाइव्स एसोसिएशन (इप्सोवा) द्वारा दीवाली मेला के उद्घाटन समारोह में की। मुख्यमंत्री डोरंडा स्थित जैप वन ग्राउंड में आयोजित चार दिवसीय दीपावली मेले के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने स्टॉलों का भ्रमण किया। वहां मौजूद टमटम पर सवार होकर वह मेला घूमे। उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों का पर्व है। सभी के चेहरे पर खुशियां देख वह भी अपने बचपन के दिनों में लौट गये थे और टमटम की सवारी कर उस दिन को याद किया। सीएम ने कहा कि दीपावली पर्व संदेश देता है कि जिस तरह दीया तिल-तिल जल कर दूसरों को उजाला देता है, उसी तरह दूसरों के लिए खुशियां देने का काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी हमारे जीवन और कार्य व्यवहार में शांति लाते हैं। उनकी आलोचना करने से पूर्व यह भी सोचना चाहिए कि त्योहारों में जब हम अपने परिवार के साथ होते हैं, वे हमारी सुरक्षा में अपने परिवार से दूर रह कर ड्यूटी करते हैं। अपने प्राणों को न्योछावर कर हमारे राज्य को नक्सल मुक्त बना रहे हैं। इप्सोवा के सभी मेंबरों को साधुवाद है, जिन्होंने अनाथ बच्चों के बीच खुशियां बांटने का काम किया है। वह खुद दीपावली में अनाथ आश्रम जा कर इन बच्चों साथ पर्व मनायेंगे। उन्होंने कहा कि यह पर्व स्वच्छता का संदेश भी देता है। इस दिन संकल्प लें कि अपने झारखंड राज्य को स्वच्छ रखेंगे।

मेले का मुख्य आकर्षण इंडियन आइडल विजेता राजा हसन, कालबेलिया डांस और फैशन शो का आयोजन था । एक नवंबर को मृणालिनी अखौरी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जायेगा। इस मेले में देश भर से डेढ़ सौ स्टॉल लगाए गये हंै। इनमें नेपाल और झारखंड के व्यंजन के स्टॉल भी हैं। झारखंड पुलिस का भी स्टॉल लगा है, जिसमें पुलिस आधुनिकीकरण की जानकारी दी जा रही है।
इप्सोवा की अध्यक्ष पूनम पांडे ने बताया कि इप्सोवा समाज के प्रति बढ़-चढ़ कर काम करता आ रहा है। ज्ञान चेतना की शुरुआत की गयी है। इसके माध्यम से नशा के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस बार मेले में पुलिस और दिव्यांग बच्चों का प्रवेश नि:शुल्क होगा। मेला शुभारंभ के बाद ओल्ड एज होम और अनाथ बच्चों को बतौर विशिष्ट अतिथि बुला कर मेला घुमाया गया।

उन्होंने कहा कि देश भर के हस्तशिल्प और विभिन्न प्रांतों के कपड़े के स्टॉल लगाये गये हैं। दो नवंबर को स्कूली बच्चों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता और शाम में बैंड प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। तीन नवंबर को इंडियन आइडल विजेता कालबेलिया डांस व फैशन शो और सुबह 11 बजे बेबी शो का आयोजन किया जायेगा। खेल के क्षेत्र में राज्य में पुलिस विभाग का नाम रोशन करने वाले पुलिसकर्मियों को मुख्यमंत्री द्वारा पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम में आंचल शिशु आश्रम के बच्चों को सम्मानित किया गया। इस दौरान डीजीपी डीके पांडेय, गृह विभाग के प्रधान सचिव एसकेजी रहाटे, डीजी मुख्यालय पीआरके नायडू, इप्सोवा अध्यक्ष पूनम पांडेय, प्रमिला नायडू, शिखा गुप्ता समेत बड़ी संख्या में गण्यमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version