रांची। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के मौके पर बुधवार को आयोजित रन फॉर यूनिटी में रांची खूब दौड़ी। मौके पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने एकता की शपथ दिलायी। कहा कि वह इतनी जोर से शपथ लें कि पाकिस्तान तक आवाज पहुंचे। सीएम ने कहा कि आज भी सरदार पटेल प्रासंगिक हैं। वह देश की एकता और अखंडता के प्रतीक हैं।

आज देश को तोड़नेवाली शक्तियां पूर्व के मुकाबले ज्यादा सक्रिय हैं। कोई जातिवाद, कोई संप्रदायवाद, तो कोई भारत माता तेरे टुकड़े होंगे के नाम पर देश को तोड़ने के लिए सक्रिय है। ऐसी शक्तियों को मुंहतोड़ जवाब देने की जरूरत है। सरदार पटेल ने आजादी के बाद 550 से ज्यादा रियासतों को देश में शामिल कर, देश की एकता को मजबूत करने का काम किया था। आज संकल्प लें कि देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखेंगे। जातिवाद, संप्रदायवाद और वोट बैंक की राजनीति को लेकर देश की एकता से खिलवाड़ नहीं करेंगे। कहा कि हमें आंतरिक और बाह्य दोनों विघटनकारी शक्तियों से मिलकर निबटना होगा।

इनकी रही मौजूदगी
मंत्री सीपी सिंह, लुइस मरांडी, रामचंद्र चंद्रवंशी, नीरा यादव, सांसद रामटहल चौधरी, विधायक नवीन जयसवाल, रामकुमार पाहन, डॉ जीतूचरण राम, मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी, अपर मुख्य सचिव एसकेजी रहाटे, डीजीपी डीके पांडेय, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल, डीजी नीरज सिन्हा, पीआरके नायडू, नगर आयुक्त मनोज कुमार समेत अन्य उपस्थित थे।

इंदिरा गांधी को भी किया नमन
मुख्यमंत्री सैनिक मार्केट से पैदल ही अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे। यहां जैप, कस्तूरबा गांधी और अन्य स्कूलों की छात्राओं ने मार्च पास्ट किया। सीएम ने इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्कूली छात्र-छात्राओं से हाथ मिलाया और सेल्फी ली।

पीएम मोदी ने सरदार पटेल को दिया सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि रन फॉर यूनिटी में आयी भीड़ ने दुनिया को यह दिखा दिया कि जब भी देश पर आंच आयेगी, तब देश की सवा सौ करोड़ की आबादी हमेशा साथ खड़ी रहेगी। महात्मा गांधी और एकता के प्रतीक सरदार पटेल, जिन्होंने देश के लिए कुर्बानी दी, उनकी तरह हम भी कुर्बानी देने के लिए तैयार हैं, यह संदेश पूरी दुनिया में गया है। भारत माता की कोख से अनेक महापुरुषों ने जन्म लिया। ऐसे ही एक महापुरुष सरदार पटेल भी थे। पहले आजादी और फिर आजाद भारत में देश की एकता और अखंडता के लिए उन्होंने जो काम किया, वह अतुलनीय है। प्रधानमंत्री ने स्टैच्यू आॅफ यूनिटी का लोकार्पण किया। 182 मीटर की सरदार पटेल की यह प्रतिमा दुनिया की सबसे बड़ी प्रतिमा है। देश में वर्षों से शासन करनेवाले लोगों ने ऐसे महापुरुषों को दरकिनार करने का काम किया। पीएम मोदी ने उन्हें सम्मान दिया। विश्व की सबसे बड़ी मूर्ति स्टैच्यू आॅफ यूनिटी पीएम मोदी ने ही बनवाया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version