रांची। राजधानी के सूचना भवन में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मंगलवार को सीधी बात कार्यक्रम के तहत जनता से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए उचित दिशा निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने लापरवाह अधिकारियों को फटकार भी लगाई। इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉक्टर सुनील वर्णवाल मौजूद रहे।

फरियादियों के शिकायतों के निष्पादन का दिया दिशा-निर्देश
मुख्यमंत्री ने जनसंवाद के दौरान सभी जिलों के एसपी और डीसी से सीधी बात की। कार्यक्रम में शामिल हुए बोकारो के राजेश कुमार चटर्जी की समस्या का बुधवार तक समाधान करने का निर्देश दिया है। बोकारो जिला प्रशासन द्वारा उनका बकाया मानदेय 24 घंटे के अंदर निर्गत कर दिया जाएगा। वहीं रांची से आईं अन्ना टोप्पो की शिकायत पर एक महीने में मुआवजा राशि देने का निर्देश दिया गया है। गुमला नगरपालिका में काम कर रही बसंती देवी की शिकायत पर गुमला प्रशासन से फौरन मानदेय निर्गत करने का निर्देश दिया है। साथ ही इनका ट्रांसफर सुरक्षित जगह करने और पूरे मामले की रिपोर्ट 3 दिन के अंदर देने का निर्देश दिया गया है।

उग्रवाद प्रभावित इलाकों में जनता दे रही सरकार का साथ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लातेहार के बारीबांध गांव के ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री यहां चलाए जा रहे विकास कार्यों की जमीनी हकीकत से भी रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि उग्रवाद प्रभावित इलाकों में जनता सरकार का साथ दे रही है इसलिए वहां विकास कार्यों में प्रशासन तेजी लाए। लातेहार की जनता क्षेत्र में शांति और विकास कार्यों में सरकार का सहयोग कर रही है, इसके लिए मुख्यमंत्री ने जनता को धन्यवाद दिया।

लड़की की हत्या को लेकर एसआई को हटाने का निर्देश
जनसंवाद में गिरिडीह का मामला आया, जिसके बाद मुख्यमंत्री रघुवर दास ने वहां के दारोगा प्रशांत कुमार को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। 4 साल पहले हुई एक लड़की की बलात्कार के बाद हत्या के मामले में मुख्यमंत्री ने इस पूरे मामले की जांच रेंज डीआईजी पंकज कंबोज से करवाने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने पुलिस की सुस्त कार्रवाई पर आश्चर्य जाहिर करते हुए डिप्टी एसपी को फटकार भी लगाई।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version