गिरिडीह। झारखंड में महिलाएं अफीम की तस्करी कर रही हैं। इसका खुलासा बुधवार को अहले सुबह तब हुआ, जब पुलिस ने पारसनाथ रेलवे स्टेशन से तीन महिलाओं समेत छह लोगों को 14 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया। यह अफीम पंजाब ले जाया जा रहा था। डुमरी थाना क्षेत्र स्थित पारसनाथ रेलवे स्टेशन से एटीएस की टीम ने जिला पुलिस के सहयोग से इनकी गिरफ्तारी की। ये 14 किलो अफीम लेकर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच गुप्त सूचना पर कार्रवाई कर इन्हें धर-दबोचा गया। महिलाओं की गिरफ्तारी ने सभी को चौंका दिया है।

पंजाब में सप्लाई करने की तैयारी में थे अफीम
पुलिस के अनुसार करीब 5 लाख रुपये कीमत की अफीम ये पंजाब के कई क्षेत्रों में सप्लाई करने की तैयारी में थे। गिरफ्तार लोगों में संजय कुमार दांगी, अनिल कुमार, संदीप कुमार, किरण देवी, आरती देवी और रीना देवी शामिल हैं। एटीएस की टीम इन्हें रांची लेकर आयी है और पूछताछ कर रही है।

सभी चतरा के रहनेवाले
इन सभी तस्करों ने अफीम को अपने पेट से बांध रखा था। एसडीपीओ नीरज सिंह ने बताया कि गिरफ्तार लोगों का कहना है कि वे सभी चतरा से आये हैं और वहीं के रहने वाले पिंटू दांगी के लिए काम करते हैं। पुलिस ने इनके पास से पांच हजार रुपये नगद और आठ मोबाइल फोन बरामद किये हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version