रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के बीच विधानसभा चुनाव को लेकर तालमेल हो गया है। इस तालमेल में लालू यादव की पार्टी राजद भी शामिल है। तालमेल और सीट शेयरिंग पर बातचीत के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव ने गुरुवार को दिल्ली से लौटने के फौरन बाद झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन से उनके आवास पर मुलाकात की। मुलाकात के दौरान कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी मोइनुल हक और विधायक दल के नेता आलमगीर आलम भी थे।
तालमेल और सीट शेयरिंग की आधिकारिक घोषणा शुक्रवार को किये जाने की संभावना है। लेकिन अंदरखाने के सूत्रों से जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार झामुमो राज्य की 44 विधानसभा सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारना चाहता है, जबकि कांग्रेस 30 सीटों परप् राजद के लिए लिए फिलहाल सात सीटें छोड़ी गयी हैं।
सूत्रों के अनुसार गुमला और घाटशिला सीट पर पेंच फंसा हुआ है। इन दोनों पर झामुमो और कांग्रेस, दोनों दल दावा कर रहे हैं।
करीब चार घंटे तक बैठक चली। बैठक बंद कमरे में हुई और मीडिया को अंदर नहीं जाने दिया गया। बैठक से बाहर निकलने के बाद कांग्रेस और झामुमो नेताओं ने कहा कि बातचीत के दौरान झारखंड के लोगों की चिंता और चुनाव के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। सब कुछ तय कर लिया गया है। कोई कन्फ्यूजन नहीं है।
आज आयेंगे आरपीएन, तब होगी घोषणा : हेमंत
बैठक के बाद हेमंत सोरेन ने कहा कि तालमेल के बारे में फैसला हो गया है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह शुक्रवार को रांची आ रहे हैं। उसके बाद तालमेल की घोषणा कर दी जायेगी।
भाजपा को हराने की मुकम्मल तैयारी है : आलमगीर
कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि कांग्रेस, झामुमो और राजद ने तालमेल के तहत चुनाव लड़ने का फैसला पहले ही किया था। अब इस पर मुहर लग गयी है। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा को हराने की मुकम्मल तैयारी हो गयी है।
देर शाम तेजस्वी पहुंचे, हेमंत से मिले
इस बीच राजद नेता तेजस्वी यादव देर शाम दिल्ली से यहां पहुंचे। हवाई अड्डे से वह सीधे हेमंत सोरेन से मिलने चले गये। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बंद कमरे में बात हुई। बातचीत का ब्योरा नहीं दिया गया।