रांची। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के खिलाफ दुमका थाना में जिला कांग्रेस कमिटी ने मामला दर्ज कराया है। सरकार पलटने और तीन माह में भाजपा की सरकार बनने संबंधी बयान के आधार पर भाजपा नेता के खिलाफ निर्वाचित सरकार को अस्थिर करने की साजिश का आरोप लगाया गया है। दीपक प्रकाश ने अपने बयान में तीन महीने के अंदर सरकार के गिर जाने का दावा किया था। शनिवार को दुमका जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्यामल किशोर सिंह ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के खिलाफ लोकतंत्र की हत्या करने की धमकी देने, लोकतंत्र के विरुद्ध षडयंत्र रचने और संवैधानिक सरकार को अस्थिर करने की कोशिश में लगे होने के प्रमाण के कारण उनके विरुद्ध भादवि की धारा 504, 506, 120 बी और 124 ए के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी है।
प्रचार के दौरान क्या कहा था दीपक प्रकाश ने
दुमका विधानसभा उप चुनाव के प्रचार के दौरान दीपक प्रकाश ने कहा था कि तीन माह के भीतर झारखंड की हेमंत सोरेन की सरकार गिरा दी जायेगी और भाजपा की सरकार बनेगी। 31 अक्टूबर को उनका बयान लगभग सारे अखबारों में आया है। उन्होंने अपने बयान में यह भी कहा कि भाजपा की सरकार आने के बाद वर्तमान सरकार का झंडा ढोनेवाले अधिकारियों को कालापानी भेजा जायेगा। दीपक प्रकाश ने यह आरोप लगाया था कि कई अधिकारी सरकार का झंडा ढो रहे हैं और झामुमो को जिताने का काम कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रही राज्य सरकार : आदित्य साहू
रांची। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के खिलाफ एफआइआर पर प्रतिक्रिया देते हुए पार्टी के प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने कहा है कि सरकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। पर भाजपा गीदड़ भभकियों से डरनेवाली नहीं है। भाजपा पहले से कहती आ रही है कि गठबंधन सरकार दुर्भावना से ग्रसित होकर कार्रवाई कर रही है। यदि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पर कोई कार्रवाई होती है, तो भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर उग्र आंदोलन करेंगे।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



