रांची। झारखंड विधानसभा उपचुनाव के नतीजे यह बता रहे हैं कि जनता बदलाव चाहती है। भाजपा प्रत्याशियों को मिले मत और जीत का अंतर इसे स्पष्ट करता है। ये बातें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने उपचुनाव के परिणामों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि 2019 के विधानसभा चुनाव में दुमका सीट पर झामुमो को मिले मतों में कमी आयी है, जबकि भाजपा के मतों में बढ़ोत्तरी हुई है। जीत का अंतर भी 13,188 से घटकर 6,440 हो गया है। इसी प्रकार बेरमो विधानसभा उपचुनाव में भी ऐसे ही परिणाम आये हैं। यहां भाजपा को बीते चुनाव की तुलना में 8027 वोट ज्यादा मिले। वहीं, जीत का अंतर भी 25,172 से घटकर 14,248 हो गया। श्री प्रकाश ने कहा कि लोकतंत्र में जय-पराजय का चक्र घूमता रहता है। विकास का मुद्दा अब सदैव में रहने वाला है। परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति की उम्र लंबी नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश के विकास के लिए कृतसंकल्पित है। पार्टी जन मुद्दों पर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। प्रदेश भाजपा दोनों विधानसभा क्षेत्र के मतदाता भाई-बहनों का आभार प्रकट करती है, जिन्होंने लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए मतदान किया। श्री प्रकाश ने बिहार सहित देश के अन्य प्रदेशों के मतदाताओं का भी आभार प्रकट किया, जिन्होंने भाजपा और एनडीए पर भरोसा जताया। बिहार की जनता का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने मोदी के नेतृत्व में विकास की राजनीति को फिर से आगे बढ़ाने का जनादेश दिया है। श्री प्रकाश ने उपचुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले भाजपा, आजसू, जदयू तथा झामुमो उलगुलान के कार्यकर्ताओं के प्रति भी आभार प्रकट किया।
बाबूलाल मरांडी ने विजयी उम्मीदवारों को दी बधाई
भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने उपचुनाव में विजयी दोनों प्रत्याशियों दुमका से बसंत सोरेन और बेरमो से जयमंगल सिंह की जीत पर उन्हें बधाई दी है। श्री मरांडी ने कहा कि दोनों नव निर्वाचित विधायक जनता के भरोसे पर खरा उतरेंगे, ऐसी उम्मीद करता हूं। उन्होंने बिहार के कार्यकर्ताओं को भी बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिहार की जनता ने एनडीए सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों का समर्थन किया है।
उपचुनाव में जनता ने बदलाव के लिए वोट किया : दीपक प्रकाश
Previous Articleदुमका और बेरमो में भाजपा को जनता ने नकारा : सुप्रियो भट्टाचार्य
Next Article दुमका-बेरमो में झामुमो-कांग्रेस का परचम
Related Posts
Add A Comment