अहमदाबाद । गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार आज (मंगलवार) शाम पांच बजे थम जाएगा। पहले चरण के तहत 01 दिसंबर को 89 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होना है।मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी भारती के मुताबिक इन सीटों पर कुल 788 उम्मीदवार मैदान में हैं। गुजरात विधानसभा में कुल 182 विधानसभा सीट हैं। इनमें से 13 अनुसूचित जाति और 27 अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित हैं। मध्य गुजरात में सबसे अधिक सीटों की संख्या (61) है। इसके बाद सौराष्ट्र-कच्छ में 54, दक्षिण गुजरात में 35 और उत्तरी गुजरात 32 सीटें हैं। गुजरात में भारतीय जनता पार्टी 27 साल से राज कर रही है। पिछले कुछ सालों से कांग्रेस की लोकप्रियता कम होने का फायदा भाजपा को मिला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन्म और कर्मभूमि गुजरात में भाजपा को चुनाव जीतने में कोई परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
इस बार हालात जरूर कुछ अलग हैं। पांच साल पहले 2017 के चुनाव में कांग्रेस ने कुछ बेहतर प्रदर्शन किया था। इस बार अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी भी यहां मैदान में है। केजरीवाल तो दिल्ली और पंजाब में उलटफेर कर चुकी अपनी पार्टी को सफलता मिलने की भविष्यवाणी तक कर चुके हैं।
चुनाव प्रचार के आखिरी दिन आज केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह दाहोद, खेड़ा और अहमदाबाद में जनसभा करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी तीन रैलियों को संबोधित करेंगे। आम आदमी पार्टी ने रोड शो का ऐलान किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी अपना दम दिखाएंगे।