रांची । 3 नवंबर मानव संसाधन, कला-संस्कृति, खेल-कूद और युवा मामलों के पूर्व मंत्री, झारखंड सरकार की समन्वय समिति के सदस्य और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा है कि न केवल हॉकी बल्कि सभी खेलों में झारखंड की क्षमता और यहां के खिलाड़ियों, युवाओं की प्रतिभा से पूरे देश के साथ ही पूरी दुनिया भी अच्छी तरीके से परिचित है, लेकिन एक बार फिर से झारखंड ने यह प्रमाणित कर दिया है कि यहां के युवा और खेल प्रतिभायें अपने अद्भुत खेल कौशल और जुझारू क्षमता के बलबूते दुनिया में भारतीय खेल को इसकी पहचान दिला सकते हैं।
तिर्की ने कहा कि रांची में झारखंड वीमेन्स एशियन हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी ने एक बार पुन: यह साबित कर दिया है कि झारखंड, किसी भी अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता, प्रतिस्पर्धा और चैंपियनशिप की मेजबानी कर सकता है। तिर्की ने कहा कि जब भी झारखण्ड की चर्चा होती है तो आमतौर पर लोगों का ध्यान यहां की खनिज संपदा, कारखाने, खान – खदान, कुशल श्रमिकों के साथ ही यहां के जमीन, बालू, पत्थर, पहाड़ आदि पर जाता है. लेकिन वास्तविकता यह है कि झारखंड में वैसे सक्षम लोगों की भरमार है जो न केवल कुशल और अपनी क्षमता में अद्भुत – अद्वितीय हैं बल्कि वे पूरी दुनिया में झारखण्ड के साथ ही देश की पहचान बनाने की ताकत रखते हैं। तिर्की ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों का पूरा-पूरा लाभ उठाकर सरकार ने एक सकारात्मक अवसर का उपयोग झारखंड और यहां के लोगों के हित में किया है। उन्होंने कहा कि इस चैंपियनशिप के कारण झारखंड में हॉकी के साथ ही सभी खेलों, खेल आयोजनों, विविध सकारात्मक इवेंट के साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और इसकी जितनी भी प्रशंसा की जाये वह कम ही होगी।
तिर्की ने कहा कि बेहतर यह होगा कि सरकार इस दिशा में तेजी से काम करती रहे और उपलब्ध अवसरों का भरपूर फायदा उठाये। तिर्की ने अफसोस जताया कि झारखंड गठन के बाद के 23 साल की अवधि में अधिकांश समय तक भारतीय जनता पार्टी की सरकार रही और उसने झारखंड की प्रतिभाओं और यहाँ के खिलाड़ियों आदि को कुल मिलाकर हतोत्साहित ही किया है अन्यथा अगर झारखंड में यहां की स्थिति, परिस्थिति, प्रकृति और यहाँ के लोगों के हित में काम करनेवाली सरकार होती तो आज झारखण्ड में अभाव और संकट का ऐसा स्वरूप ना होता. श्री तिर्की ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में गठबंधन की सरकार सही दिशा में काम कर रही है और इसका सकारात्मक परिणाम जमीन पर नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि अवसर का सदुपयोग करते हुए झारखंड सरकार ने , जिस प्रकार से झारखंड वीमेन्स एशियन हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी का उपयोग प्रदेश के हित में किया है उसी तरीके से प्रत्येक दिशा में कदम बढ़ाने की जरूरत है। तिर्की ने कहा कि झारखंड अब धीरे-धीरे विकास के क्षेत्र में पूरे देश के लिये एक रोल मॉडल साबित हो रहा है और यह खुशी की बात है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version