गढ़वा। जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध सतबहिनी झरना तीर्थ और पर्यटन स्थल में रविवार को बनारस की तर्ज पर गंगा आरती कराई जाएगी। यह जानकारी युवा संघर्ष सेना प्रमुख अनूप कुमार उपाध्याय उर्फ बड़ू उपाध्याय ने दी।
अनूप ने कहा कि रविवार की दोपहर दो बजे से छठ व्रतियों के बीच फल का वितरण किया जाएगा। शाम छह बजे से वाराणसी से पहुंचे विद्वान पंडितों की टीम विधिवत गंगा आरती करेगी। यह बनारस की तर्ज पर आधारित होगा। रात 9 बजे से भव्य भक्ति जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। युवा संघर्ष सेना की टीम सोमवार की अहले सुबह उगते भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के लिए व्रतियों को दूध भी उपलब्ध कराएगी।
कार्यक्रम के सफल संचालन में युवा संघर्ष सेना के केंद्रीय अध्यक्ष झुनू सिंह, उपाध्यक्ष ब्रह्मदयाल उपाध्याय व महासचिव विवेक पांडेय लगे हुए हैं।