पांच माह में मैंने जो भी योजना शुरू की, उसे हेमंत सोरेन सरकार धरातल पर उतरने नहीं दी
गंधानिया हाट मैदान में भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के समर्थम में की चुनावी सभा
घाटशिला। घाटशिला प्रखंड के दामपाड़ा गंधानिया हाट मैदान में भारतीय जनता पार्टी का चुनावी सभा का आयोजन किया गया। इस चुनावी सभा में मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि साढ़े 4 साल में हेमंत सरकार आदिवासी मूलवासियों के लिए कुछ काम नहीं किया। मैं हमेशा सरकार में रहने के बाद भी आलोचना करता था, लेकिन मेरी बात कोई नहीं सुनता था। मुझे 5 महीना काम करने का मौका मिला। मैंने झारखंड के विकास के लिए कई तरह की योजनाओं को लागू करने का प्रयास किया, लेकिन उन योजनाओं को धरातल पर उतरने नहीं दिया गया। झारखंड की बहू-बेटियों के लिए मंईयां सम्मान योजना मेरी देन है। इस योजना को अपना बताकर एवं ताल ठोकर हेमंत सरकार जनता के बीच जाकर वोट मांग रही है। अगर झारखंड का विकास कोई पार्टी कर सकती है तो भाजपा ही है। चंपाई सोरेन ने कहा कि झारखंड अलग राज्य के लिए कई महापुरुषों ने अपने बलिदान दिये, लेकिन उनके बलिदान को सम्मान भारतीय जनता पार्टी ने दिया। जब भाजपा की सरकार बनी केंद्र में तो उन्होंने झारखंड अलग राज्य दिया। 2024 में भाजपा की सरकार बनेगी तो झारखंड के आदिवासी मूलवासियों के विकास के लिए सभी योजनाओं को धरातल पर उतारा जायेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जिस-जिस राज्य में गंठबंधन की सरकार बनायी, उस राज्य का विनाश ही हुआ। कांग्रेस पार्टी हमेशा झारखंड अलग राज्य का विरोध किया था। अलग राज्य की मांग करने वाले महापुरुषों के ऊपर गोलियां बरसायी गयी थीं। उन्होंने कहा कि झारखंड का संथाल परगना घुसपैठियों से भर गया है। आदिवासी अपना अस्तित्व बचाने के लिए संघर्ष कर रहा है। झारखंड के संथाल परगना में कुछ महीना पहले आदिवासी महिला के टुकड़े-टुकड़े किये गये, लेकिन हेमंत सरकार चुप है, इसलिए झारखंड को बचाना है तो भाजपा को वोट देना है।
घाटशिला विधानसभा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन ने भी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड के लोगों को भाजपा ने ही सम्मान दिया है। जब केंद्र में भाजपा सरकार बनी तो उन्होंने झारखंड राज्य अलग मांग को स्वीकार करते हुए अलग राज्य दिया। इस अवसर पर भोगेन सोरेन, गीता मुर्मू, पार्षद देवयानी मुर्मू, मनोज प्रताप सिंह, मंगल मार्डी, करुणा कर महतो, रमेश माजी आदि भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।