बड़कागांव। जिले के बड़कागांव विधानसभा में शनिवार को कल्पना मुर्मू सोरेन ने चुनावी सभा को संबोधित किया। कल्पना ने बड़कागांव से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी और वर्तमान विधायक अंबा प्रसाद के पक्ष में लोगों से मतदान की अपील की। इस दौरान कल्पना ने कहा कि बड़कागांव में इंडिया गठबंधन की जीत होगी और ये सही मायनों में बड़कागांव की बेटी यानी अंबा प्रसाद की जीत होगी। कहा कि झारखंड में भाजपा का फर्जी बुलडोजर नहीं, बल्कि इंडिया गठबंधन के विकास की गाड़ी दौड़ेगी।

कल्पना ने आगे कहा, भाजपा-आजसू वालों ने हमेशा झारखंडी मुद्दों को दरकिनार किया है। विस्थापितों के मुद्दों को दरकिनार किया है। इन्हें झारखंडवासियों से कोई मतलब नहीं है। कहा, अगर किसी ने करोड़ों झारखंडवासियों के लिए काम किया है तो वो हेमंत की सरकार ने किया है। कहा कि भाजपा ने झारखंड में पिछड़ा समाज का आरक्षण 27 प्रतिशत से घटाकर 14 प्रतिशत करने का काम किया था। जब भी झारखंडी मुद्दों की बात आती है, भाजपा-आजसू हर बार विरोध में उतर जाती है। इतनी चिढ़ क्यों है भाजपा-आजसू को झारखंड के लोगों से।

कहा कि नेक इरादों के साथ आपकी हेमंत सरकार करोड़ों राज्यवासियों को हक-अधिकार देने का काम कर रही है, खुशियों का उपहार देने का काम कर रही है। इसलिए अंबा का हाथ मजबूत कीजिये। कहा कि दिशोम गुरुजी और झारखंड के हमारे अगुआ साथियों के संघर्ष के बदौलत हमें झारखंडी पहचान मिली। आज हेमंत जी और सभी साथी हमारे क्रांतिकारियों के संघर्षों को सम्मान देने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version