– रक्षा मंत्री ने खूंटी में भाजपा प्रत्याशी नीलकंठ सिंह मुंडा के पक्ष में की जनसभा
खूंटी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आदिवासियों के हित की बात करने वाली कांग्रेस को इस बात का जवाब देना चाहिए कि 1951 की जनगणना के अनुसार झारखंड में अनुसूचित जनजातियों की संख्या 51 फीसदी थी। वर्तमान वह घटकर 28 प्रतिशत कैसे हो गई। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि घुसपैठियों से जमीन वापस लेने के लिए सरकार जल्द ही नया कानून बनाएगी।

राजनाथ सिंह शनिवार को खूंटी के कचहरी मैदान में खूंटी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी नीलकंठ सिंह मुंडा के समर्थन में आयोजित जन आशीर्वाद सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि झारखंड में सभी और भ्रष्टाचार है। झामुमो, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल की सरकार में हर ओर भ्रष्टाचार फल-फूल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं से यदि कोई लाभान्वित हो रहा है, तो वह है सरकारी अधिकारी और सत्ताधारी दल के नेता। साथ ही कहा कि आज तक भाजपा के किसी मंत्री में भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा और न नही कोई मुख्यमंत्री जेल गया।

राजनाथ ने कहा कि खूंटी से भाजपा के उम्मीदवार नीलकंठ सिंह मुंडा को मैं 25 वर्षों से जानता हूं। उन्हें हर समय गरीबों के विकास की चिंता रहती है। इतनी लंबे राजनीतिक जीवन में भी अभी तक नीलकंठ सिंह मुंडा के दामन में कोई दाग नहीं लगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने सारे वादे पूरे किया। पांच सालों में राज्य की कांग्रेस झामुमो और राजद की सरकार ने सिर्फ यहां के लोगों की आंखों में धूल झोंका। साथ ही कहा कि सरकार की कोई विश्वसीयनीता नहीं है। राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस हमेशा कहती है कि यदि उनकी सरकार बनी तो वह जातीय जनगणना करायेगी लेकिन कांग्रेस, जेएममएम और आरजेडी को यह भी नहीं मालूम है कि देश में कितनी जातियां हैं।

राजनाथ ने कहा कि आर्थिक सामाजिक जनगणना के अनुसार देश में 46 लाख जातियां है। इनमें ऐसी 12 सौ अनुसूचित जाति में अनुसचित जनजाति में 750 और ओबीसी में 2500 जातियां है। इंडी गठबंधन वाले बताएं कि उन्हें किस तरह आरक्षण का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जाति का पिटारा खोलकर कांग्रेस किसका भला करना चाहती है। साथ ही कहा कि इसके लिए न कोई ब्लूप्रिंट है और न ही कोई रोड मैप। कांग्रेस इस बात को स्पष्ट करें कि आरक्षण का लाभ किसको मिलेगा। इसके लिए कांग्रेस अपनी नीति स्पष्ट करे और इस पर खुली बहस भी होनी चाहिए।

राजनाथ ने कहा कि राज्य में एनडीए की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में ही गोगो दीदी योजना को मंजूरी दी जाएगी और हर महीने की 11 तारीख को सभी माता-बहनों के खाते मे 2,100 रुपये आ जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान बदलने और आरक्षण समाप्त करने की बात कह कर लोगों को धोखा दे रही है। साथ ही कहा कि संविधान में सबसे अधिक 42 बार संशोधन कांग्रेस ने ही किया। मैं दावे के साथ कहता हूं कि न तो आरक्षण समाप्त होगा और न ही कोई संविधान में बदलाव होगा, बल्कि कांग्रेस ने ही संविधान की आत्मा उसके प्रस्तावना को ही बदल दिया। अपने राजनीतिक फायदे के लिए कांग्रेस ने स्कूलों में सरस्वती वंदना तक को बंद कर दिया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version