सशक्त झारखंड के निर्माण के लिए हुआ है यह विधानसभा चुनाव
रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 बुधवार 20 नवंबर को शाम संपन्न हो गया। इसे लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट साझा किया। इस पोस्ट में सीएम ने लिखा है कि झारखंड की पावन धरती पर लोकतंत्र का यह महापर्व अद्भुत रहा। दोनों चरणों में राज्य की जनता ने अपनी आकांक्षाओं और आशाओं को मतदान के माध्यम से अभिव्यक्त किया है। यह केवल एक चुनाव नहीं, बल्कि एक नये, समृद्ध और सशक्त झारखंड के निर्माण का संकल्प है।

जनता ने दिया अभूतपूर्व आशीर्वाद
सीएम ने पोस्ट में आगे लिखा कि बुजुर्ग, युवा, श्रमिक , महिला, किसान-सभी ने उत्साह और उमंग के साथ लोकतंत्र के इस महापर्व में अपना अभूतपूर्व आशीर्वाद दिया। सभी ने, खासकर, राज्य की आधी आबादी-हमारी मंईयां ने बढ़-चढ़कर अपने हक-अधिकार, मान और सम्मान के लिए ऐतिहासिक रूप से झामुमो और इंडिया गठबंधन को अपना असीम आशीर्वाद दिया। हम दृढ़ता से प्रण लेते हैं कि अमर वीर शहीदों के बलिदान को साकार करेंगे। महान क्रांतिकारियों के सपनों को पूरा करेंगे। आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं को मूर्त रूप देंगे और मिलकर बनायेंगे एक नया, सोना झारखंड।

हेमंत ने कहा- इस पावन अवसर पर मैं नतमस्तक हूं। प्रत्येक मतदाता के प्रति, कर्तव्यनिष्ठ मतदानकर्मियों के प्रति, झामुमो और इंडिया गठबंधन के समर्पित कार्यकर्ताओं के प्रति, और सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के प्रति, जिन्होंने लोकतंत्र को मजबूत किया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version