पटना। विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। पहले चरण के मतदान को लेकर प्रचार प्रसार का आज आखिरी दिन है। शाम 5 बजे से चुनाव प्रचार थम जाएगा।

वहीं मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या मामले को लेकर सियासत गरमाई हुई है। जानकारी के अनुसार केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को चुनाव आयोग ने नोटिस भेज दिया है। ललन सिंह को 24 घंटे के भीतर इस नोटिस का जवाब देना होगा।

बता दें कि मतदाताओं को धमकाने और घरों में कैद रखने का समर्थकों से आह्वान करने के आरोप में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह पर मोकामा थाना में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की सुसंगत धारा में प्राथमिकी कराई गई।

मोकामा सीओ लवली कुमारी ने प्राथमिकी कराई है। इसकी पुष्टि जिला प्रशासन ने अपने एक्स हैंडल पर की है।
मोकामा विधानसभा क्षेत्र के शिवनार गांव में केंद्रीय मंत्री ने विवादित बयान दिया था।

मोकामा से राजग के घटक दल जद यू प्रत्याशी व पूर्व विधायक अनंत सिंह तीन दिन पहले जन सुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हुई हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिए गए हैं।

इसके बाद से केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने जद यू प्रत्याशी अनंत सिंह के प्रचार अभियान की कमान संभाल ली है। ललन मुंगेर लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं।

मोकामा इसी क्षेत्र में है। उनको चुनाव जिताने में अनंत सिंह की बड़ी भूमिका रही थी। अब ललन साथ निभा रहे हैं। कल सोमवार को भी मोकामा में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह व उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अनंत सिंह के पक्ष में रोड शो किया था।

उसमें अनुमति से अधिक संख्या में वाहन के शामिल होने और हूटर लगी गाड़ी को लेकर जद यू प्रत्याशी के चुनाव अभिकर्ता पर आदर्श आचार संहिता की प्राथमिकी की गई थी। पुलिस ने हूटर लगी गाड़ी जब्त भी कर ली थी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version