दुमका: आइये हम दिसंबर के अंत तक झारखंड को कैशलेस बनायें और प्रधानमंत्री के कैशलेस भारत के अभियान में बढ़-चढ़ कर योगदान दें। अपने परिवार, समाज और राष्ट्र की बेहतरी के लिए कुछ करने का अवसर जीवन में कुछ सौभाग्यशाली लोगों को ही प्राप्त होता है। आइये हम सब मिल कर डिजिटल और कैशलेस झारखंड के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इंडोर स्टेडियम दुमका में डिजिटल कैशलेस झारखंड निर्माण महाअभियान के दूसरे दिन अपने संबोधन में यह अपील की।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी के 70 वर्षों बाद भी आमजनों की हालात में बहुत ज्यादा परिवर्तन नहीं हुआ है, तो इसका प्रमुख कारण भ्रष्टाचार, कालाधन की समानांतर अर्थव्यवस्था, टैक्सों की हेरा-फेरी, आतंकवाद, उग्रवाद आदि प्रमुख कारण रहे हैं। आठ नवंबर को प्रधानमंत्री द्वारा 500 एवं 1000 रुपये के बड़े नोटों को चलन से विस्थापित करने से देश की प्रगति में बाधक इन सारी समस्याओं से एक साथ निजात पायी जा सकती है।
बैंक अधिकारियों की सीएम ने सराहना की
मुख्यमंत्री ने नोटबंदी के पश्चात आमजनों को नगदी की समस्या से निजात दिलाने में बैंक अधिकारियों की भूमिका की सराहना की। कहा, कैशलेस झारखंड बनाने में स्मार्ट फोन की भूमिका महत्वपूर्ण होगी, इसीलिए झारखंड सरकार ने 5 हजार रुपये मूल्य तक के स्मार्ट फोन को पूरी तरह वैट मुक्त कर दिया है।
इस अवसर पर मुख्य सचिव राजबाला वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि 2 दिसंबर से एक साथ रांची में कैंप लगा कर तीन हजार बैंक शाखाओं में कैशलेस झारखंड निर्माण महाअभियान की शुरुआत की गयी। उन्होंने कहा कि अब मोबाइल ही हमारा बैंक और बटुआ होगा, जिससे राशि का भुगतान हो सकेगा तथा किसी से हम भुगतान प्राप्त कर सकते हैं।
इस महाअभियान में 40 हजार आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका एवं सखी मंडल सहित कुल 5 लाख जागरूक महिलाओं के साथ हजारों की तादाद में अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, छात्र, डॉक्टर, नर्स, एएनएम आदि जुड़ेंगे, जो मास्टर ट्रेनर के रूप में अन्य लोगों को डिजिटल झारखंड बनाने हेतु मोबाइल बैंकिंग हेतु प्रशिक्षित करेंगे।
विकास आयुक्त सह अपर मुख्य सचिव अमित खरे ने कैशलेस झारखंड महाअभियान कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डाला। झारखंड स्टेट बैंक के प्रतिनिधि राजीव कुमार ने इस बात की जानकारी दी कि किस प्रकार मोबाइल एप एवं सामान्य मोबाइल के माध्यम से बैंकिंग लेनदेन संभव हो सकेगा। धन्यवाद ज्ञापन दुमका के उपायुक्त राहुल सिन्हा ने किया, जबकि संचालन क्षेत्रीय उप निदेशक जनसंपर्क अजय नाथ झा ने किया।