रांची। जेवीएम के केंद्रीय महासचिव और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की को बुधवार को सीबीआई ने गिरफ्तार किया। आय से अधिक संपत्ति मामले में सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा की टीम ने बंधु तिर्की को सुबह 6 बजे उनके बनहोरा स्थित आवास से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई टीम ने उन्हें सदर हॉस्पिटल में एडमिट कराया है। जिसके बाद पूर्व मंत्री को सीबीआई की कोर्ट में आज पेश किया जायेगा।

सीबीआई कोर्ट में उपस्थित नहीं हुए थे बंधु तिर्की
मिली जानकारी के अनुसार, आय से अधिक संपत्ति के मामले में सीबीआई के द्वारा बंधु तिर्की को समन जारी किया गया था। जिसके बाद वह खुद उपस्थित नहीं हुए थे, लेकिन उनके वकील कोर्ट में उपस्थित हुए थे। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

देर रात लौटे थे रांची

बताया जा रहा है कि पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की कोलेबिरा विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने गये थे। जिसके बाद वह रात के करीब 2:00 बजे रांची लौटे थे। सुबह के 6:00 बजे सीबीआई की टीम ने बनहोरा स्थित आवास से उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

बंधु के खिलाफ ये हैं आरोप
एफआईआर में कहा गया है कि चुनाव के समय शपथ पत्र में बंधु तिर्की ने संपत्ति के रूप में 60 हजार रुपये नकद और एक मारुति वैन दिखाया था। मंत्री बनने के बाद 2005 से 2009 के बीच इन्होंने दिल्ली के बसंत विहार में आठ करोड़ रुपए का फ्लैट खरीदा, जिसका भुगतान नागार्जुन कंस्ट्रक्शन कंपनी ने किया। यह कंपनी उस दौरान रांची में मेगा स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कर रही थी। उस समय बंधु शिक्षा के साथ खेल मंत्री भी थे। यह भी आरोप था कि उन्होंने वनहोरा में 100 एकड़ जमीन रिश्तेदारों के नाम खरीदी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version