आजाद सिपाही संवाददाता
झरिया। जहां एक ओर नये साल के जश्न की तैयारी में लोग जुटे हुए हैं। दूसरी ओर बढ़ते ठंड के प्रकोप ने एक घर की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया। मामला झरिया थाना क्षेत्र के लालटेन शाह बाबा मजार के समीप का है। सोमवार को ठंड लगने से मनोहर रवानी (40वर्षीय) की मौत हो गयी। मौत की सूचना के बाद मृतक के घर पर स्थानीय लोग एवं पार्षद प्रतिनिधी सह भाजयूमो के नगर अध्यक्ष रवि रवानी पहुंचे। मौत की सूचना झरिया सीओ केदारनाथ सिंह को दी गयी।
मृतक के सात बच्चे है
घटना की जानकारी देते हुए लोगों ने बताया कि मृतक अत्यंत गरीब परिवार का युवक था मनिहारी सामानों का फेरी करके अपने परिवार की जीविका चलाता था। रविवार की रात्री ठंड ने उसे अपने चपेट मे ले लिया। सोमवार को वह चल बसा। मृतक के सात बच्चे एवं पत्नी है। वही बढ़ते ठंड के प्रकोप से बचाव के लिए जिला प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के द्वारा कोई पहल नहीं किया गया। इसको लेकर लोग काफी आक्रोशीत थे।
लोगों का कहना है कि इतने भीषण ठंड में कही भी अलाव की व्यवस्था नहीं की गयी है और ना ही गरीबों के बीच कंबल का वितरण किया गया। सरकार एवं जिला प्रशासन के इस उदासीन रवैये से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। भाजयूमो के नगर अध्यक्ष रवि रवानी ने कहा कि मृतक की पारिवारिक पृष्ठभूमि अत्यंत दयनीय है। उनकी अंत्येष्टि के लिए हम सभी सहयोग में खड़े हैं। जिला-प्रशासन से मांग करते हैं कि ठंड के प्रकोप से लोगों के बचाव के लिए जल्द से जल्द कोई व्यवस्था करे।