रांची। रिम्स में भर्ती चारा घोटाले के सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव से भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने मुलाकात की। कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय भी उनके साथ थे। इसके कुछ देर पहले झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता शकील अहमद भी लालू से मिलने के लिए पहुंचे। शत्रुघ्न ने कहा कि लालू पारिवारिक मित्र हैं। उनका बेटा तेजस्वी काफी होनहार है। मुझे लगता है वह बिहार का चेहरा, भविष्य है।

लालटेन को दुनिया पहचानती है
सिन्हा ने कहा, मैं लालू का हालचाल जानने के लिए आया हूं। आज पारिवारिक बातें ज्यादा हुईं। राजनीतिक बातें नहीं की। मैं लालू की पार्टी की काफी इज्जत करता हूं। लालटेन को दुनिया पहचानती है। आज उनकी पार्टी की लहर है। उन्होंने कहा कि लोगों का मानना है कि बदले की भावना से लालू को प्रताड़ित किया गया है।

मैं पार्टी के खिलाफ नहीं बोला: सिन्हा
सिन्हा ने कहा, मैं भाजपा का हूं पर सबसे पहले भारत की जनता का हूं। नोटबंदी के खिलाफ सिर्फ हमने आवाज उठाई। आज पूरा देश मान रहा है नोटबंदी गलत कदम था। जीएसटी के खिलाफ आवाज उठाई। मैं पार्टी के खिलाफ नहीं बोला।

5 हजार से किसान को कोई राहत नहीं मिलेगी: सुबोधकांत सहाय
मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना पर सुबोधकांत सहाय ने कहा कि सरकार किसान का कर्जा माफ करें। तब बात करें। ये 5 हजार से किसान को कोई राहत नहीं मिलेगी। राज्य सरकार ने झारखंड आशीर्वाद योजना लागू करने की शुक्रवार को घोषणा की थी। इसके तहत लघु और सीमांत किसानों को अगले साल से खरीफ फसलों के लिए प्रति एकड़ 5000 रुपये दिये जायेंगे। यह रकम हर साल दी जायेगी, जिसे लौटाना नहीं पड़ेगा।

भाजपा को हराने पर हुई चर्चा: हेमंत सोरेन
हेमंत सोरेन ने कहा, जिस तरह से देश में भाजपा के खिलाफ महौल बना है। भाजपा की झारखंड में जो हालत है, उस राजनीतिक लड़ाई को जीतने के लिए किस तरीके से मजबूती से प्लेटफॉर्म बनाया जाये। इस पर चर्चा हुई। देश के साथ झारखंड से भी भाजपा को सत्ता से बेदखल किया जा सके। इससे पहले रिम्स में लालू से मिलने के लिए शत्रुघ्न सिन्हा मार्च में भी आए थे। शुक्रवार की शाम रांची एयरपोर्ट पर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा था भाजपा 3 नहीं 5 राज्यों में हारी है। अभी भी समय है लालकृष्ण आडवाणी, यशवंत सिन्हा व अरुण शौरी को गले लगाए। लोकसभा चुनाव में डैमेज कंट्रोल हो सकता है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version