रांची। विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत शनिवार को 20 क्षेत्रों में सुबह सात बजे से मतदान होगा। इस चरण में सीएम रघुवर दास समेत कई दिग्गजों की साख दांव पर लगी है। दूसरे चरण के चुनाव में 43 लाख 33 हजार 930 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 260 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें कुल 29 महिला उम्मीदवार और 73 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं। जमशेदपुर पूर्वी और पश्चिमी सीटों के लिए सर्वाधिक 20-20 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि सरायकेला सीट के लिए सबसे कम सात उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने बताया कि मतदान की सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। सारे मतदान केंद्रों के लिए मतदानकर्मी और पुलिस पार्टियां रवाना हो गयी हैं। दुर्गम और बीहड़ इलाकों में पहले ही पोलिंग पार्टियों को पूरी सुरक्षा घेरे में रवाना कर दिया गया था।
चौबे ने बताया कि सुबह से ही पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जा रहा है। गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम के दो विधानसभा क्षेत्र बहरागोड़ा व घाटशिला के लिए पोलिंग पार्टी को भेजा गया। उन्होंने कहा कि सभी पोलिंग पार्टी अपने कलस्टर में हैं। ये शनिवार की अहले सुबह अपने मतदान केंद्रों के लिए कूच करेंगी। सभी पोलिंग पार्टियों को इवीएम और वीवीपैट देकर बस, कार, पिकअप वैन से रवाना किया गया, ताकि उन्हें मतदान स्थल तक पहुंचने में परेशानी न हो। इस दौरान टीम के साथ पुलिस पार्टियों, जैप के जवानों को भी सुरक्षा के लिए रवाना किया गया है।
विधानसभा चुनाव में पहली बार मतदानकर्मियों को इवीएम ले जाने के लिए स्पेशल बैग दिये गये, जिसे मतदान कर्मी अपनी पीठ पर ढांग कर जा सकते हैं।
इस बीच झारखंड में बढ़ती ठंड ने मतदानकर्मियों की परेशानी बढ़ा दी है। मतदान केंद्रों पर निकलने वाले सभी टीम के सदस्य अपने साथ इवीएम और वीवीपैट के अलावे एक-एक एयर बैग या ट्रॉली बैग भी अपने साथ लेकर जा रहे हैं। इसमें अपने लिए दो जोड़े शर्ट-पैंट, कंबल, जरूरत के सामान साथ रखे हुए हैं। वहीं, कई मतदानकर्मी अपने साथ ब्लड प्रेशर, शुगर सहित कई तरह की दवा भी साथ रखे हुए हैं।
इन सीटों पर डाले जायेंगे वोट
क्षेत्र कुल वोेटर कुल प्रत्याशी
बहरागोड़ा 224841 14
घाटशिला 242473 16
पोटका 287771 10
जुगसलाई 326663 10
जमशेदपुर पूर्वी 304508 20
जमशेदपुर पश्चिमी 356965 20
सरायकेला 336768 07
खरसावां 208790 16
चाईबासा 206857 13
मझगांव 192661 16
जगन्नाथपुर 174337 13
मनोहरपुर 197337 14
चक्रधरपुर 181446 12
तमाड़ 206322 17
मांडर 330482 13
तोरपा 181024 08
खूंटी 210014 11
सिसई 233885 10
सिमडेगा 225565 11
कोलेबिरा 196329 09
कुल 4825038 260