अजय शर्मा
रांची। झारखंड पुलिस के मुखिया एमवी राव पुलिस का चेहरा बदलने में जुटे हैं। पहले जो गलतियां हुई हैं, उसकी पुनरावृत्ति न हो, इस दिशा में काम कर रहे हैं। यहां अवैध धंधों पर जीरो टॉलरेंस की बात भी उन्होंने की। साथ ही, कहा कि किसी भी तरह की तस्करी बर्दाश्त नहीं की जायेगी। श्री राव ने कहा कि पुलिस अपनी छवि सुधारने में जुटी है और आम लोगों के लिए काम कर रही है। शनिवार को डीजीपी आजाद सिपाही से बात कर रहे थे।
डीजीपी ने कहा कि वर्ष 2020 में पुलिस की मूल समस्या की जानकारी हासिल करने की शुरुआत की गयी है। इसके लिए राज्य का पुलिस प्रमुख थानेदारों से बात कर रहा है। अब तक 70 थानेदारों से बात हो चुकी है। हर एक थाना के प्रभारियों से यह जानने की कोशिश की जायेगी कि समस्या क्या है और समाधान कैसे होगा। थाना को मजबूत करना जरूरी है। अगले साल इस दिशा में काम किया जायेगा। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस में जितने भी पद खाली हैं, सभी को भरा जायेगा। एक तरह से 2021 पुलिस में नौकरी और बदलाव का वर्ष हो सकता है। उन्होंने कहा कि कोविड से निपटने के बाद पुलिस में खाली पदों को भरने की अनुशंसा सरकार से की जायेगी। खाली पदों का ब्योरा मंगाया जा रहा है, जिसे सरकार को भेज दिया जायेगा। उन्होंने हथियारबंद उग्रवादियों को चेतावनी दी कि वे हथियार छोड़ दें, नहीं तो कुचल दिये जायेंगे। उन्हें ज्यादा समय भी नहीं दिया जायेगा। इसके लिए आम लोगों से सूचना देने की अपील भी डीजीपी ने की। अवैध तस्करी पर कहा कि किसी भी तरह की तस्करी बर्दाश्त नहीं की जायेगी। चाहे वह लोहा, कोयला, बालू या मानव तस्करी ही क्यों न हो। उन्होंने बताया कि कुछ सफेदपोश लोगों को भी चिह्नित किया गया है, जो ऐसे लोगों के साथ हैं। झारखंड में किसी भी बाहुबली को कानून तोड़ने का अधिकार नहीं है। पुलिस कठोरता से ऐसे तत्वों से निपटेगी। यह कोई मत सोचे कि वह कानून से ऊपर है। डीजीपी ने कहा कि आम लोगों को सुरक्षा उपलब्ध कराना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। राज्य के सभी एसपी को यह निर्देश दिया गया है कि वे हर सूचना पर कार्रवाई करें। जनता का विश्वास जीतें और उनकी समस्या को दूर करें। कोरोना काल की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इस दौरान पुलिस ने अपनी छवि बदली और बेहतर काम किया। हालांकि सारे संसाधन सरकार की ओर से उपलब्ध कराये गये थे। पहली बार लोगों को लगा कि पुलिस इस रूप में भी लोगों की सेवा कर सकती है। अनुसंधान भी बेहतर हो रहा है। दोषियों को सजा दिलाने की दिशा में भी कार्रवाई हो रही है। बताते चलें कि एमवी राव ने जबसे कमान संभाली है, उस समय से वह अवैध कारोबार पर फूलस्टॉप लगाने की दिशा में काम कर रहे हैं। टीम भावना से काम हो, इसका प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि न्यायपूर्ण और बिना पक्षपात के निर्णय हो रहे हैं। अब पुलिस को आम लोगों का सामना नहीं करना पड़ता। लोग चेकिंग या अनुसंधान में भी सहयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के कई जिलों में नक्सलियों के खिलाफ सफलता मिली है। झारखंड पुलिस ने महिला सुरक्षा की दिशा में भी कई काम किया है। अगले साल पुलिस में बड़े परिवर्तन दिखेंगे। पुलिस और व्यवहार कुशल होगी। लोगों को न्याय मिलेगा। उन्होंने 2020 को झारखंड पुलिस के लिए अच्छा बताया और 2021 में जो चुनौतियां हैं, उन पर बेहतर काम करने का भरोसा दिलाया।
Previous Articleडेढ़ साल की मासूम बेटी को जमीन पर पटका, फिर गला दबा कर मार डाला
Next Article सीएम हेमंत सोरेन को मिला हार्वर्ड का निमंत्रण
Related Posts
Add A Comment