मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम से देश की जनता खुश है, इसलिए वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भी मोदी का ही समर्थन करेगी। फडणवीस ने कहा कि विपक्ष चाहे जितने भी गठबंधन बना ले, इसका भाजपा पर कोई असर नहीं होगा।
फडणवीस ने गुरुवार को पत्रकारों से कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मुंबई दौरा राजनीतिक था। ममता बनर्जी ने राकांपा अध्यक्ष शरद पवार से मिलकर कांग्रेस रहित गठबंधन बनाने की चर्चा की। फडणवीस ने कहा कि ममता बनर्जी अपनी बात सीधे कहने के लिए जानी जाती हैं और उन्होंने स्पष्ट रूप से कह भी दिया कि कांग्रेस को साथ लेकर वे किसी भी गठबंधन की बात नहीं करना चाहती हैं। जबकि शरद पवार को महाराष्ट्र में कांग्रेस को साथ लेकर सरकार चलाना है, इसीलिए शरद पवार बीच का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य हैं। फडणवीस ने कहा कि ममता बनर्जी की साफगोई से कांग्रेस आहत हुई है।
पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के काम से देश की जनता खुश है। इसलिए इस तरह का कोई भी गठबंधन 2024 के चुनाव में भाजपा का मुकाबला नहीं कर सकता है। कांग्रेस के नेतृत्व को लेकर क्षेत्रीय दलों में नाराजगी है। इसी तरह की कलह अन्य दलों में भी देखने को मिल रही है। फिलहाल लोकसभा के आगामी चुनाव में भी भाजपा को विपक्ष की ओर से किसी भी तरह की चुनौती मिलती नहीं दिख रही है।