बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले के कसमार थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती से घर में घुस कर दुष्कर्म का प्रयास किया गया। बताया जाता है कि जब युवती के माता-पिता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनकी भी पिटाई कर दी। इस घटना के बाद युवती ने क्षेत्र के ही सत्यरंजन डे उर्फ गोलू के विरुद्ध पुलिस में शिकायत दर्ज करवायी है। युवती ने बताया कि आरोपी अचानक घर में घुसा और उसके साथ गलत काम करने की कोशिश करने लगा। जब इसका विरोध करते हुए उसने शोर मचाया तो उसकी पिटाई कर डाली। उसकी चीख-पुकार सुन कर मां बचाने के लिए दौड़ी तो उन्हें भी पीटा। युवती ने बताया कि इस बीच आरोपी के परिवार की वीणा देवी और शेफाली भी आ गयीं। वीणा ने युवती के सिर पर रॉड मार दी, इससे वह गश खाकर गिर पड़ी। इसके बाद शेफाली ने उसके गले से चेन उतार ली। युवती ने ये भी बताया कि इस लड़ाई के दौरान ही हमारे पिता भी आ गये। जब हमें होश आया तो हमने साक्ष्य के लिए मोबाइल से रिकार्डिंग शुरू करने लगे तो सत्यरंजन ने हमारा मोबाइल छीन लिया। इसका पिता ने विरोध किया तो उनको भी पीटा गया। इसी बीच आरोपी के परिवार का जगेश्वर भी पहुंच गया। उसने हमारे घर में तोड़फोड़ की। वहीं युवती ने ये भी बताया कि इससे पहले भी आरोपी कई बार दुष्कर्म और अगवा करने की धमकी दे चुका है।
विधायक के दखल के बाद दर्ज हुई प्राथमिकी
वहीं युवती ने बताया कि हमने मुखिया को कई बार इसकी जानकारी दी है, लेकिन वहां भी हमारी नहीं सुनी गयी। इसके अलावा युवती ने पुलिस पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि घटना की जानकारी देने शनिवार को थाने गयी, वहां प्राथमिकी नहीं की गयी। कहा गया कि प्राथमिकी कर ली है, मगर कोई कॉपी नहीं मिलेगी। तब विधायक लंबोदर महतो को सूचना दी। उन्होंने थाने में फोन किया तब प्राथमिकी दर्ज हुई। इसके बाद इलाज के लिए अस्पताल जा रही थी,तब मां को फोन किया तो उन्होंने नहीं उठाया। वह वापस दौड़ी-दौड़ी घर पहुंची तो देखा कि मां को मारपीट कर अधमरा कर दिया गया। उन्होंने बताया कि सुरेश कुमार, इंदू देवी, सत्यरंजन दे, रेखा देवी, शेफाली ने पीटा है। मां को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवती का कहना है कि सत्यरंजन की नजर हमारी जमीन पर है। यह विवाद काफी पुराना है। इसलिए वह हमारे परिवार को गांव छोड़ कर जाने का दबाव बना रहा है। इसलिए ही ऐसी घटना को उसने अंजाम दिया।
जांच कर रही पुलिस
वहीं इस पूरी घटना को लेकर जब पुलिस से बात की गयी तो कसमार के थाना प्रभारी रमाकांत गुप्ता ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की जांच की जा रही है। इसके अलावा शनिवार को सूचना मिलने के बाद गांव जाकर जांच की गयी है। पुलिस इस मामले में उचित कार्रवाई करेगी।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



