आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि आज सरकार के तीन वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस दौरान हमने कई उतार-चढ़ाव देखे। कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से हमारा सामना हुआ। हमारी सरकार ने कोरोना को एक चुनौती के रूप में स्वीकार किया। हमने हार नहीं मानी और इस आपदा को अवसर के रूप में लिया। इसी का नतीजा रहा कि आप सभी के सहयोग से इस महामारी से निपटने में कामयाब हुए। इसके उपरांत विकास की गति को तेज करने की संकल्पना के साथ कई योजनाओं को शुरू किया। इसका लाभ आज राज्य के कोने-कोने में रहने वाले लोगों को मिल रहा है। सरकार जिस सोच और उद्देश्य के साथ काम कर रही है, उससे यहां के लोग भी आगे बढ़ेंगे और राज्य भी आगे बढ़ेगा। सरकार ने लक्ष्य तय कर रखा है और उसी के अनुरूप कार्यों को अंजाम दे रहे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को अपनी राज्य सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रोजेक्ट भवन में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।

हमारे राज्य में काफी क्षमताएं हैं:
हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारे राज्य में काफी क्षमताएं हैं। यहां खनिज समेत वैसे सभी संसाधन मौजूद हैं, जो राज्य को विकास के मार्ग पर आगे ले जा सकते हैं। पिछले 20 वर्षों में किसी न किसी वजह से राज्य में विकास का माहौल नहीं बन सका। हमारी सरकार अब विकास को नयी दिशा देने में जुट गयी है। इसके लिए वातावरण तैयार किया जा रहा है। मुझे पूरा विश्वास है कि यहां के संसाधनों का अगर सदुपयोग सही तरीके से हुआ तो झारखंड देश के अग्रणी राज्यों में खड़ा होगा।

हर क्षेत्रों में हो रहा है विकास:
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार समेत सभी क्षेत्रों में विकास के कार्य हो रहे हैं। किसानों, मजदूरों, सरकारी कर्मियों, बुजुर्गों, महिलाओं, नौजवानों सहित हर वर्ग और तबके के लिए योजनाएं चला रहे हैं। हमारी सरकार ने लक्ष्य तय कर रखा है और उसी के अनुरूप कार्यों को अंजाम दिया जा रहा है।

विकसित प्रदेश बनाने का है संकल्प:
हेमंत सोरेन ने कहा कि आज पूरे राज्य के लिए हर्ष उल्लास और उत्साह का दिन है। सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कई योजनाओं और पोर्टल का शुभारंभ हुआ है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सूखा राहत योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना और प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के लाभुकों के बीच डीबीटी के माध्यम से लगभग 951 करोड़ रुपये हस्तांतरित किये गये हैं। हमारी सरकार इसी मकसद के साथ कार्य कर रही है कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि आज विकास को तेज करने का कार्य पूरी क्षमता और ताकत के साथ सरकार कर रही है। लेकिन, यह शुरूआत है। अभी हमें आगे लंबा सफर तय करना है। झारखंड को विकसित और समृद्ध राज्य बनाना है।

मुख्यमंत्री ने लाभुकों के साथ किया संवाद:
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर समारोह में कुछ लाभुकों को अपने हाथों से योजनाओं का लाभ प्रदान किया। वहीं, विभिन्न जिलों में विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के साथ आॅनलाइन संवाद भी किया। लाभुकों ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं से उन्हें काफी लाभ पहुंच रहा है और उनके गांव-पंचायत में विकास कार्य काफी बेहतर तरीके से संचालित हो रहे हैं।

ऑनलाइन जुड़े मंत्री और अधिकारी:
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक बसंत सोरेन, दीपिका पांडे सिंह, राजेश कच्छप, प्रदीप यादव और विधायक अंबा प्रसाद के अलावा मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, डीजीपी नीरज सिन्हा, विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों में प्रभारी मंत्री, उपायुक्त और लाभुक आॅनलाइन जुड़े।

मुख्यमंत्री के वक्तव्य की मुख्य बातें:
-किसानों, मजदूरों, सरकारी कर्मियों, बुजुर्गों, महिलाओं, नौजवानों सहित हर वर्ग और तबके के लिए योजनाएं चल रही हैं।
– राज्य के कोने-कोने में रह रहे गरीबों और जरूरतमंदों को सरकार की योजनाओं का मिल लाभ रहा है।
-आज पूरी क्षमता और ताकत के साथ विकास की गति को धार दे रह हैं। झारखंड को विकसित और समृद्ध राज्य बनाना है।
-सरकार जिस सोच और उद्देश्य के साथ काम कर रही है, उससे यहां के लोग भी आगे बढ़ेंगे और राज्य भी आगे बढ़ेगा।
-पिछले बीस वर्षों में किसी न किसी वजह से राज्य में विकास का माहौल नहीं बन सका।

सरकार ने जो कहा, वह कर रही है: आलमगीर आलम
ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतर रही है। सरकार ने जो कहा है, उसे पूरा कर रही है। लोगों को रोजगार देने का काम किया जा रहा है। किसानों को पहली बार सुखा राहत राशि उपलब्ध करायी गयी है। ग्रामीण विकास की कई योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। सरकार के कार्यों से हर तरफ हर्ष का माहौल है।

सरकार ने तीन सालों में बेहतरीन कार्य किये: भोक्ता
श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पिछले तीन वर्षों में विभिन्न चुनौतियों के बीच बेहतरीन कार्य किये हैं। सरकार की योजनाओं और कार्यों का जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। हर तबके को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। अगले दो वर्षों में भी सरकार ऐसे कार्य करेगी, जो इस राज्य के लिए मिसाल साबित होगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version