अपराध के खिलाफ जनाक्रोश यात्रा में पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
धनबाद। जिले में बढ़ते अपराध के विरोध में विधायक राज सिन्हा के नेतृत्व में शनिवार को जनाक्रोश यात्रा निकाली गयी। इसकी शुरुआत पुराना बाजार पानी टंकी स्थित तेतुलतल्ला मैदान से हुई, जो बैंक मोड़, स्टेशन रोड, डीआरएम चौक, कोर्ट रोड होते हुए रणधीर वर्मा चौक पहुंची। इसमें प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, सांसद पशुपतिनाथ सिंह और विधायक राज सिन्हा ने शिरकत की।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य में जब-जब भाजपा की सरकार बनी है, तो अपराधी या तो जेल में होते हैं या राज्य छोड़ कर भाग जाते हैं। वर्तमान में राज्य की हालत बेहद खराब है। उन्होंने राज्य सरकार और पुलिस पर अपराधियों से सांठगाठ का आरोप लगाया। कहा कि पुलिस का काम लोगों को सुरक्षा देना है, लेकिन हेमंत सोरेन ने पुलिस को वसूली में लगा रखा है। सरकार अगर चाहे तो एक दिन में अपराधियों को ठिकाने लगा सकती है। जिस दिन भाजपा की सरकार बनी, उस दिन अपराधी राज्य छोड़ कर भाग जायेंगे या फिर जेल में होंगे। किसी भी राज्य का विकास तब होता है, जब अपराधमुक्त वातावरण हो। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि याद रखना, हमारी सरकार आने के बाद धनबाद के अंदर जिन अधिकारियों के समय जितना भी अपराध हुआ होगा, सबकी जांच करायेंगे। इससे पता चल सकेगा कि किसने कितनी संपत्ति बनायी है।
धनबाद के व्यापारी दहशत में : पीएन सिंह
सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने कहा कि प्रशासन और सरकार में हिम्मत नहीं हो रही है, वह रंगदारी बंद करे। धनबाद के व्यापारी और आम लोग दहशत में हैं। जनता के आशीर्वाद से जब बाबूलाल मरांडी मुख्यमंत्री बनेंगे, तो उत्तरप्रदेश की तर्ज पर तीन दिन में अपराधी यहां से भागना शुरू कर देंगे।
राज सिन्हा ने सरयू राय पर साधा निशाना
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि हेमंत सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है। इसके खिलाफ धनबाद भाजपा के कार्यकर्ता चुपचाप नहीं बैठ सकते हैं। ात्याग्रह आंदोलन में बैठे कृष्णा अग्रवाल की गृह सचिव से वार्ता करा आंदोलन समाप्त कराने पर सरयू राय का नाम लिये बिना कहा कि कुछ लोग आये और बोले सब कुछ फाइनल हो गया। वे किसी के दूत बन कर आये थे।
Previous Articleखलारी के दो युवकों की बिहार में सड़क दुर्घटना में मौत
Next Article पगडंडियों से ललकी घाटी पहुंचता है अवैध कोयला