– कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में मुरादाबाद में घूमी कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा

मुरादाबाद। कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा भाजपा की नफरत की राजनीति खत्म करेगी। भाजपा सरकार में किसानों, युवाओं, महिलाओं, गरीबों की आवाज कांग्रेस दबने नहीं देगी। यह बातें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मुरादाबाद में कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा के दौरान कही।

मंगलवार दोपहर में मुरादाबाद के डिप्टी गंज चौराहे पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा पहुंची। जहां कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष रिजवान कुरैशी, मुरादाबाद जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद, महानगर अध्यक्ष अनुभव मेहरोत्रा और पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। इसके बाद यात्रा प्रदेश के नेतृत्व में आगे बढ़ी और डिप्टीगंज चौराहा से बारादरी, तहसील स्कूल, लालबाग, जामा मस्जिद चौराहा होते हुए इंदिरा चौक, गलशहीद, ईदगाह होते हुए कोहिनूर तिराहा पहुंचीं और जनसभा में तब्दील हो गई।

जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान, मजदूर, व्यापारी सहित हर वर्ग परेशान है। करीब साढ़े छह वर्ष से उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों के गन्ना मूल्य में कोई बढ़ोतरी नहीं है। किसानों को समय से गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं मिल रहा है। महंगाई तेजी से बढ़ रही है। युवा बेरोजगार हो रहा है। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए कांग्रेस यूपी जोड़ो यात्रा के साथ मजबूती से सड़क पर उतरी है। पार्टी के पदाधिकारियों को जनता की आवाज बनकर काम करना होगा।

मुरादाबाद कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष अनुभव महरोत्रा ने बताया कि पार्टी की यूपी जोड़ो यात्रा 20 दिसंबर को सहारनपुर से शुरू हुई थी। सोमवार देर रात्रि यात्रा मुरादाबाद पहुंचीं और रात्रि विश्राम किया। उन्होंने मंगलवार दोपहर डिप्टीगंज से यात्रा फिर शुरू हुई है। यात्रा में पूर्व विधायक हाजी इकराम कुरैशी, जिला उपाध्यक्ष व प्रवक्ता सुधीर पाठक, आजम अंसारी, राजेंद्र वाल्मीकि, शिवराज सिंह गुर्जर, पार्षद, ब्लॉक अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष और पार्टी के कार्यकर्ता शामिल रहे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version