15 जनवरी तक मंत्रियों के आवास बन कर हो जायेंगे तैयार, जल्द आवंटन
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को स्मार्ट सिटी रांची में राज्य सरकार के मंत्रियों के लिए बने नवनिर्मित आवास सहित पूरे आवासीय परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित आवास से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिये। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नवनिर्मित आवास एवं पूरे आवासीय परिसर के सभी कार्य 15 जनवरी 2025 तक पूर्ण कर लिये जायें, ताकि मंत्रियों को आवास आवंटित किये जा सकें। बता दें कि स्मार्ट सिटी परिसर में 11 मंत्री आवास बनाये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आवासीय परिसर में बने क्लब हाउस, बैडमिंटन कोर्ट तथा पुलिस बैरेक इत्यादि का निरीक्षण कर सभी सुविधाओं से संबंधित आवश्यक निर्देश अधिकारियों को दिये। मुख्यमंत्री ने आवासीय परिसर में बच्चों के खेलने की व्यवस्था, झूला इत्यादि लगाने का भी निर्देश दिये। मौके पर विधायक कल्पना सोरेन, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, प्रधान सचिव नगर विकास विभाग सुनील कुमार, सचिव भवन निर्माण विभाग अरवा राजकमल, सीइओ स्मार्ट सिटी अमित कुमार, जीएम स्मार्ट सिटी राकेश नंदकुलियार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
वास्तु के हिसाब से तैयार किया गया है बंग्लो
मंत्रियों के बंग्लो का निर्माण पूरी तरह से वास्तु के हिसाब से किया गया है। सभी बंग्लो का मुख्य द्वार वास्तु के हिसाब से पूरब की ओर रखा गया है। दरवाजा-खिड़की भी वास्तु के हिसाब से फिट किये गये हैं।
इसमें स्विमिंग पुल, जिम, प्ले जोन, बॉलीबॉल, बैडमिंटन कोर्ट भी बनाये गये हैं। पूरे एरिया को हरा-भरा बनाया गया है। इसमें क्लब हाउस की भी सुविधा उपलब्ध करायी गयी है।