चाइबासा। झारखंड के नये पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग गुप्ता रविवार को चाइबासा पहुंचे। नयी सरकार के गठन के बाद डीजीपी राज्य में नक्सलियों के खात्मे और उनके खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में सक्रियता से जुटे हैं। यहां उन्होंने चाइबासा एसपी, डीआइजी और अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ नक्सलियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान, सरेंडर पॉलिसी आदि पर भी चर्चा की। दरअसल, 6 दिसंबर को डीजीपी अनुराग गुप्ता ने नक्सलवाद और विधि व्यवस्था की समीक्षा की थी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये थे। अब वे खुद भी पुलिसिंग व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने की दौड़ में जुट गये हैं। इसी दिशा में डीजीपी रविवार को चाइबासा पहुंचे।
वहीं बता दें कि कुछ दिनों पहले ही चाइबासा में सुरक्षाबलों और पीएलएफआइ माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। जिसमें नक्सली एरिया कमांडर लंबू मारा गया था। यह मुठभेड़ टेबो थाना क्षेत्र में हुई थी।
एरिया कमांडर लंबू का मारा जाना पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। नक्सलियों के खिलाफ अभियान में पुलिस और कैसे मजबूती से निपटे, इसी को लेकर डीजीपी ने अधिकारियों के साथ बैठक की।