रांची। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा है कि झारखंड में 1000 करोड़ रुपये की लागत से रिम्स-2 का निर्माण किया जायेगा। यह अस्पताल न केवल दिल्ली के तर्ज पर होगा, बल्कि झारखंड का मॉडल बनकर दिल्ली के अस्पतालों को भी प्रेरित करेगा। वह शुक्रवार को अपने विभाग की समीक्षा बैठक के बाद बोल रहे थे। उन्होने कहा कि मरीजों की मौत के बाद शव को रोकने की प्रथा पर रोक लगाने के लिए सख्त निर्देश दिये गये हैं। इस पर जल्द ही सरकार आदेश जारी करेगी। राज्य भर में 1000 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाये जायेंगे ताकि ग्रामीण और सुदूर इलाकों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच सकें।

सभी वर्तमान एजेंसियों को रद्द कर 10 दिनों के अंदर नयी एजेंसियों का चयन किया जायेगा। राज्य भर के अस्पतालों में लगभग 200 अस्पताल प्रबंधकों की नियुक्ति की जायेगी। सभी सदर अस्पतालों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जायेगा और प्रत्येक जिले में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर बनाये जायेंगे। एक सप्ताह के अंदर सभी अस्पतालों में एमआरआइ और सीटी स्कैन की मशीनें उपलब्ध करायी जायेंगी। मरीजों की सुविधा के लिए शाम को भी ओपीडी सेवा शुरू की जाएगी। डॉक्टर दो शिफ्ट में बैठेंगे। आवश्यकता पड़ने पर प्राइवेट डॉक्टरों को भी नियुक्त किया जायेगा, ताकि सभी अस्पतालों में पर्याप्त डॉक्टर उपलब्ध हों।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version