किशनगंज। जिले ने कालाजार उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य को प्राप्त करते हुए राज्य में एक मिसाल कायम की है। जिले की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए स्वास्थ्य मंत्री डा. मंगल पांडेय ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। यह प्रशस्ति पत्र स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रभारी जिला भीबीडीसी सलाहकार अविनाश राय और भीडीसीओ दीपक कुमार सिंह ने प्राप्त किया।

इस गौरवशाली क्षण ने जिले के स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ समस्त प्रशासन को गौरवान्वित किया है। बुधवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने जिले के स्वास्थ्य विभाग को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह स्वास्थ्यकर्मियों की मेहनत और प्रशासनिक सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि किशनगंज ने कालाजार उन्मूलन में न केवल बेहतर प्रदर्शन किया, बल्कि यह सुनिश्चित किया कि भविष्य में भी इस दिशा में सतत प्रयास जारी रहेंगे।

सिविल सर्जन डा राजेश कुमार ने इस उपलब्धि को जिले के लिए एक मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह सामूहिक प्रयास और समर्पित कार्यशैली का नतीजा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम, विशेष रूप से आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं को उनके कठिन परिश्रम के लिए धन्यवाद दिया।

जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डा देवेंद्र कुमार ने कहा कि जिले में दस हजार की आबादी पर एक या उससे कम नए कालाजार संक्रमण के लक्ष्य को हासिल करना आसान नहीं था। लेकिन स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर जनजागरूकता अभियान चलाया और समय पर उपचार सुनिश्चित किया। जिला भीबीडीसी पदाधिकारी डा. मंजर आलम ने बताया कि वर्तमान में जिले में केवल चार कालाजार संक्रमित मरीज हैं। यह आंकड़ा जिले की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लक्ष्य के तहत 10,000 की जनसंख्या पर एक या उससे कम नए संक्रमण का मानदंड तय किया गया है। किशनगंज ने इसे न केवल प्राप्त किया, बल्कि अन्य जिलों के लिए एक प्रेरणा भी बन गया। इस सफलता पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक डा. मुनाजिम और जिले के अन्य अधिकारियों ने भी खुशी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि यह स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारियों, आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) की टीमवर्क का परिणाम है। ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर मरीजों की पहचान, जागरूकता अभियान और समुचित उपचार ने इस लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

स्वास्थ्य मंत्री डा. मंगल पांडेय ने किशनगंज जिले की इस सफलता की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल जिले, बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कालाजार उन्मूलन के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता बनी रहेगी और आवश्यक संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी। डीएम विशाल राज और सिविल सर्जन डा. राजेश कुमार ने स्वास्थ्य विभाग को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी इसी तरह के प्रयास जारी रखने का आह्वान किया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version