रांची। साइबर क्राइम के लिए साइबर ठग हर दिन नये-नये प्रयोग कर रहे हैं। अब तक आइएस, आइपीएस या अन्य नामचीन हस्तियों के नाम फेसबुक-व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाकर साइबर ठगी के मामले सामने आते रहे हैं। लेकिन अब साइबर ठगों ने सीधे देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम फेसबुक आइडी बनाकर ठगी का काम चालू कर दिया है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है। हजारीबाग के बड़कागांव निवासी फेसबुक यूजर मंटू सोनी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम कुछ दिन पहले फ्रेंड रिक्वेस्ट आया।
राष्ट्रपति के नाम-फोटो लगे फेसबुक आइडी के स्टोरी में लिखा गया कि जय हिंद कैसे हैं आप ? फेसबुक का प्रयोग बहुत कम करती हूं, अपना व्हाट्सएप नंबर दीजिए। आपका नंबर सेव कर लिया है और आपको अपना व्हाट्सएप कोड भेजा है। जल्दी से कोड बताइए 6 अंक का कोड है। इस मैसेज के बाद राष्ट्रपति भवन, झारखंड पुलिस और रांची पुलिस के साथ सीआइडी झारखंड को मामले को लेकर ट्वीट किया गया। रांची पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए फेसबुक-पोस्ट का आइडी का लिंक का मांगा, जिसे उपलब्ध करा दिया गया है। अब आगे की कार्रवाई में रांची पुलिस जुट गयी है।