रांची। एक हजार करोड़ के अवैध खनन घोटाला मामले में फरार चल रहे आरोपित दाहू यादव के पिता पशुपति यादव को शनिवार को रांची जज कॉलोनी स्थित ईडी के विशेष न्यायाधीश प्रभात कुमार शर्मा के आवासीय कार्यालय में प्रस्तुत किया गया। जहां से अदालत ने दाहू यादव के पिता को न्यायिक हिरासत में बिरसा मुंडा कारागार भेज दिया।
पशुपति यादव को साहिबगंज जिले के भारतीय कॉलोनी महिला कॉलेज के समीप से गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ ईडी स्पेशल कोर्ट से वारंट निर्गत किया था। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पहली बार आठ जुलाई 2022 को दाहू यादव के ठिकानों पर छापेमारी की थी। दाहू यादव अंतिम बार 18 जुलाई को ईडी के हिनू स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में हाजिरी दी थी। इसके बाद से वह फरार चल रहा है। ईडी ने मामले में उसके परिवार के सदस्यों को भी आरोपित बनाया है। दाहू यादव और उसके भाई सुनील यादव फरार चल रहे हैं।दोनों के खिलाफ कुर्की जब्ती का वारंट निर्गत है।
ईडी की टीम साहिबगंज में एक हजार करोड़ से अधिक अवैध खनन घोटाले मामले की जांच कर रही है। इस अवैध खनन घोटाले मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा और उसके सहयोगी बच्चू यादव को पहले ही ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है।