धनबाद: वासेपुर के भूली आरा मोड़ के पास हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के आरोपियों की तलाश में जुटी धनबाद पुलिस की अपराधियों से मुठभेड़ हो गई। तेतुलमारी थाना क्षेत्र के ईस्ट बसुरिया स्थित एक परित्यक्त मकान में बुधवार शाम हुई मुठभेड़ में दो अपराधी घायल हो गए, जबकि पुलिस ने मौके से दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, घायल दोनों आरोपी वही बताए जा रहे हैं, जो भूली आरा मोड़ पर बाइक से पहुंचकर फायरिंग करने के बाद फरार हो गए थे। पुलिस ने घायल आरोपियों की पहचान चंदन ठाकुर और प्रिंस कुमार के रूप में की है।

भूली आरा मोड़ पर हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग

दरअसल, पिछले दिनों भूली के आरा मोड़ के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस घटना में तीन लोग गोली लगने से घायल हुए थे। घायलों में गैंगस्टर फहीम खान का भाई सानू खान, दुकानदार शाद्दाम और कुमकुम नाम की महिला शामिल थीं।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू की थी।

परित्यक्त मकान में छिपे होने की मिली सूचना

इसी दौरान बुधवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि तेतुलमारी थाना क्षेत्र के ईस्ट बसुरिया में स्थित एक परित्यक्त मकान में कुछ अपराधी छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की।

पुलिस टीम जैसे ही मकान के पास पहुंची, अंदर मौजूद अपराधियों ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी के बाद पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान दो अपराधी घायल अवस्था में मिले, जबकि भागने की कोशिश कर रहे दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया।

चंदन ठाकुर और प्रिंस कुमार घायल

मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों की पहचान चंदन ठाकुर और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि चंदन ठाकुर ने भूली आरा मोड़ की घटना में कथित तौर पर फायरिंग की थी, जबकि प्रिंस कुमार बाइक चला रहा था। दोनों के भूली इलाके का रहने वाला होने की जानकारी सामने आई है।

घायल दोनों आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी

पुलिस ने मौके से गिरफ्तार किए गए दो अन्य आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि भूली आरा मोड़ फायरिंग कांड में इन दोनों की क्या भूमिका थी और इस घटना से जुड़े अन्य कौन-कौन लोग हैं।

पुलिस को घटनास्थल से हथियार मिलने की भी जानकारी मिली है। हालांकि, बरामद हथियारों और अन्य सामान की आधिकारिक पुष्टि के लिए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल की जांच करेगी, जिसके बाद बरामद सामान और हथियारों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

पुलिस इस पूरी कार्रवाई को भूली आरा मोड़ फायरिंग कांड से जोड़कर जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस इस मामले में जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version