25 नवंबर को विधायक रामचंद्र सिंह के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल हो सकते हैं हेमंत सोरेन, हेलीपैड, सुरक्षा और आवागमन व्यवस्था का किया निरीक्षण
बरवाडीह। मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामचंद्र सिंह के पुत्र विजय बहादुर सिंह के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के 25 नवंबर को प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को उपायुक्त संदीप कुमार, पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव, उप विकास आयुक्त सैयद रियाज अहमद और एसडीएम दिनेश कुमार अधिकारियों की टीम के साथ विधायक के पैतृक गांव मंगरा पहुंचे। अधिकारियों ने विधायक रामचंद्र सिंह के साथ समारोह स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
हेलीपैड और सुरक्षा व्यवस्था का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रस्तावित हेलीपैड निर्माण स्थल का जायजा लिया। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन मार्गों और समारोह स्थल पर आवश्यक इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। मौके पर मौजूद पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि मुख्यमंत्री के संभावित दौरे के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
मंत्रियों और वरीय अधिकारियों के आने की भी संभावना
मुख्यमंत्री के साथ राज्य सरकार के कई मंत्रियों और वरीय अधिकारियों के भी विवाह समारोह में शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अतिथियों के आवागमन को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है।
निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ वीरेंद्र राम, बीडीओ रेशमा रेखा मिंज, सीओ लोकेश सिंह, प्रशिक्षु डीएसपी रामलखन वर्णावल, सब इंस्पेक्टर अनुराग कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद थे।

