बरवाडीह। झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को बरवाडीह अंचल कार्यालय के सभागार में ग्राम प्रधानों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। बीडीओ रेश्मा रेखा मिंज और अंचलाधिकारी लवलेश सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के सभी ग्राम प्रधानों का स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें बढ़ी हुई प्रोत्साहन राशि का प्रतीकात्मक डमी चेक देकर सम्मानित किया गया।
प्रशासन और ग्रामीणों के बीच अहम कड़ी हैं ग्राम प्रधान
कार्यक्रम के दौरान अंचलाधिकारी लवलेश सिंह ने ग्राम प्रधानों के सामाजिक योगदान और ग्रामीण स्तर पर उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान प्रशासन और ग्रामीणों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। प्रशासन और ग्राम स्तर के प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग से सरकारी विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने में मदद मिलती है।
सम्मान मिलने पर ग्राम प्रधानों ने जताया आभार
सम्मानित ग्राम प्रधानों ने प्रशासन की इस पहल के लिए आभार जताया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और ग्राम स्तर के प्रतिनिधियों के बीच आपसी समन्वय, सहयोग और बेहतर संबंधों को मजबूत करना था।
मौके पर ग्राम प्रधान कैलाश सिंह, बसंत सिंह, सूरजमल प्रसाद समेत क्षेत्र के अन्य ग्राम प्रधान और संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

