रांची। झारखंड के प्रसिद्ध लोक पर्व कर्मा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए रांची पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में पुलिस की विशेष तैनाती की गई है। शहर के संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है। प्रत्येक थाने में 10 से 15 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

कर्मा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची पुलिस कंट्रोल रूम को हाई अलर्ट पर रखा गया है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, मार्गों और पूजा स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादे लिबास में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। ये पुलिसकर्मी संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखेंगे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को फील्ड में रहकर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालने का निर्देश दिया गया है।

त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिशों को रोकने के लिए रांची पुलिस का तकनीकी सेल भी सक्रिय है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और एक्स जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भड़काऊ, आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अफवाह फैलाने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई करेगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर मिलने वाली किसी भी अपुष्ट या भ्रामक जानकारी को बिना सत्यापन के शेयर या फॉरवर्ड न करें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रांची पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी पुलिस थाने को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

रांची पुलिस ने शहरवासियों से कर्मा पूजा को पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन के अनुसार, यदि किसी नागरिक को अपने आसपास कोई संदिग्ध वस्तु, संदिग्ध व्यक्ति या सोशल मीडिया पर कोई आपत्तिजनक मैसेज अथवा अफवाह दिखाई देती है, तो इसकी सूचना तुरंत रांची पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी पुलिस थाने को दें।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version