पाकुड़। हिरणपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब 5 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

वाहन जांच के दौरान पुलिस को देखकर भागने लगे

पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर की शाम करीब सात बजे सूचना मिली थी कि दो युवक पाकुड़ से अवैध मादक पदार्थ लेकर हिरणपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई।

टीम ने हिरणपुर-पाकुड़ मुख्य सड़क पर हाई स्कूल मोड़, हाथकाठी के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान पाकुड़ की ओर से बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। पुलिस टीम को देखते ही दोनों भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।

जेब से बरामद हुआ करीब 5 ग्राम ब्राउन शुगर

पूछताछ में पकड़े गए युवकों की पहचान शिवा दत्ता, निवासी सुंदरपुर और मो. जियाउल अंसारी, निवासी कमलघाटी, थाना हिरणपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान मो. जियाउल अंसारी की पैंट की जेब से काले प्लास्टिक में पैक करीब 5 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया।

बाइक समेत अन्य सामान जब्त

पुलिस ने आरोपियों के पास से ब्राउन शुगर के अलावा बिना नंबर प्लेट वाली हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल, एक सिगरेट का डिब्बा और सिल्वर पेपर का एक टुकड़ा भी जब्त किया है।

पुलिस ने मामले में हिरणपुर थाना कांड संख्या 65/2026, दिनांक 12 सितंबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(अ)/29 में प्राथमिकी दर्ज की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version