रांची। नगर निगम के सैकड़ों सफाईकर्मियों ने मासिक वेतन 18 हजार रुपये करने और बोनस देने की मांग को लेकर झारखंड नगर निकाय सफाईकर्मी यूनियन के बैनर तले गुरुवार को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष भवन सिंह ने की।

सफाईकर्मियों ने नगर निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि शहर को चार जोन में बांटकर सफाई कराई जा रही है, लेकिन सुरक्षा के नाम पर सिर्फ एक ड्रेस दी जाती है। नाली और सड़क की सफाई के दौरान ग्लव्स तक नहीं दिए जाते। कई बार तो झाड़ू भी उपलब्ध नहीं कराई जाती, जिससे कर्मियों को अपनी जेब से झाड़ू खरीदनी पड़ती है।

यूनियन ने कहा कि सफाई के दौरान बीमार पड़ने पर सुपरवाइजर न सिर्फ वेतन काट लेते हैं, बल्कि काम से निकालने की धमकी भी देते हैं। नगर निगम क्षेत्र में करीब 2000 सफाईकर्मी काम कर रहे हैं, जिनमें 500 कचरा उठाव में लगे हैं। इसके बावजूद जरूरी सुरक्षा उपकरण नहीं मिल रहे।

कर्मियों ने बताया कि इलाज के लिए ईएसआई कार्ड बनाया गया है, लेकिन उसका लाभ नहीं मिल रहा। अन्य विभागों के कर्मियों को पर्व-त्योहार पर बोनस मिलता है, लेकिन सफाईकर्मियों को आज तक बोनस नहीं दिया गया। कई बार लिखित आवेदन देने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई।

प्रदर्शन के दौरान आंदोलन को कमजोर करने के लिए बहुबाजार ओवरब्रिज के पास मुख्य कार्यकर्ताओं को कार में बैठाकर ले जाने का भी आरोप लगा। यूनियन ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन होगा। इस मौके पर महासचिव प्रकाश टोप्पो, प्रफुल्ल लिंडा, सुखराम लोहरा, एसके राय, प्रतीक मिश्रा मौजूद थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version