धनबाद। वासेपुर के आरा मोड़ के पास शनिवार देर रात फल और ड्राईफ्रूट की दुकान में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पास स्थित एक अन्य दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों दुकानों में रखा फल, ड्राईफ्रूट और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरा मोड़ स्थित वसीम फल वाला की दुकान शनिवार रात बंद थी। इसी दौरान दुकान से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी दुकानदार और दमकल विभाग को दी।

सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दोनों दुकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था।

दुकानदार के अनुसार, अग्निकांड में पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। फल और ड्राईफ्रूट के अलावा दुकान में रखा अन्य सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। वास्तविक कारणों का पता दमकल विभाग और संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही चल सकेगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version