रमकंडा (गढ़वा)। झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा है कि सरकार मंडल डैम बनवा कर बिहार को फायदा पहुंचाना चाह रही है। मंडल डैम के निर्माण से झारखंड के मूलवासियों को विस्थापित किया जा रहा है। डैम बनने से यहां के खेत-खलिहान एवं जंगल डूबेंगे। हेमंत सोरेन ने उक्त बातें मंगलवार को झारखंड संघर्ष यात्रा के दौरान रमकंडा में कही।
उन्होंने कहा कि झारखंड के 18 वर्ष होने के बाद भी गरीबों की दशा-दिशा में कोई परिवर्तन नहीं हुआ। गरीबों का शोषण और महिलाओं पर अत्याचार जारी है। राज्य में कोई सुरक्षित नहीं है। गोदाम में अनाज सड़ रहा है, लेकिन राज्य में लोग भूखे मर रहे हैं। झारखंड के मजदूरों को दूसरे प्रदेशों से भगाया जाता है। वहीं, भाजपा सरकार राज्य के नौजवानों को रोजगार देने की बजाये 75 प्रतिशत दूसरे राज्यों के लोगों को रोजगार उपलब्ध करा रही है।
झामुमो की सदस्यता ली
झामुमो के झारखंड संघर्ष यात्रा कार्यक्रम के दौरान रमकंडा जिला परिषद सदस्य के पति दिनेश प्रसाद, हरहे पंचायत की उपमुखिया राधिका देवी, पंचायत समिति सदस्य सुरेंद्र राम, वीरेंद्र साव, मनोज मनोरंजन, प्रेमचंद साव, उपेंद्र यादव ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण की। हेमंत सोरेन ने सभी का स्वागत किया।
प्राथमिकता से होगा पारा शिक्षकों की समस्या का समाधान
पलामू के हैदरनगर पहुंचने पर पारा शिक्षकों ने हेमंत सोरेन को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। यहां हेमंत सोरेन ने कहा कि यदि उनकी सरकार बनती है, तो प्राथमिकता के आधार पर पारा शिक्षकों की समस्या का निदान किया जायेगा। स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि अभी वह वनवास काट रहे हैं।