रांची। झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल एक फरवरी से लालू संदेश यात्रा निकालेगी। इसको लेकर मंगलवार को प्रदेश राजद अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी की अध्यक्षता में बैठक हुई। तय हुआ कि एक फरवरी से लेकर 21 फरवरी तक प्रथम चरण की यात्रा निकाली जायेगी। प्रथम चरण में यात्रा चतरा, पलामू और कोडरमा जिला में निकाली जायेगी। लालू संदेश यात्रा कार्यक्रम के संयोजक पूर्व मंत्री सह पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गिरिनाथ सिंह को मनोनीत किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आगामी लोकसभा चुनाव के लिए जनता के बीच जाकर वर्तमान केंद्र सरकार की नाकामियों एवं उनके जन विरोधी नीतियों के साथ-साथ लालू यादव की नीति एवं सिद्धांतों को आम लोगों तक पहुंचाना है।
प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि 1990 से पहले जिस तरह देश में सामंतवादी शक्ति हावी थीं, पिछले साढ़े चार वर्षों में फिर से समाज सामंतवादियों की गिरफ्त में जा रहा है। लोग आजाद भारत में गुलामों की तरह जी रहे हैं। 1990 में लालू यादव ने सत्ता में आकर दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को आवाज दी थी। अब समय आ गया है कि फिर से एक बार सामंतवादी शक्तियों के खिलाफ आवाज बुलंद की जाये। बैठक में राजद संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष रामचंद्र सिंह चेरो, प्रदेश महासचिव संजय सिंह यादव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गिरिनाथ सिंह, पूर्व विधायक जनार्दन पासवान, पूर्व सांसद घूरन राम, मनोज भुइयां, हरीश श्रीवास्तव, कैलाश यादव, अर्जुन यादव, आबिद अली, मनोज कुमार, अनिल यादव, सुभाष यादव, जगदीश यादव, शंभू चंद्रवंशी, बलवंत कुमार, हीरालाल तूफानी, विजय राम, विजय रविदास, मुमताज खान, श्याम सिंह, कामेश्वर यादव सहित जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारणी के दर्जनों सदस्य उपस्थित थे।