चतरा (टंडवा): चतरा जिले के कोयलांचल क्षेत्र में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन TSPC ने एक बार फिर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। शनिवार देर रात टंडवा थाना क्षेत्र के कुमरांग खुर्द चौपाल के पास हथियारबंद दस्ते ने एनसीसी कंपनी के एक कीमती वोल्वो हाइवा को पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया।
बंदूक की नोक पर वारदात जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11:30 बजे 5-6 नकाबपोश उग्रवादी सादे लिबास में पहुंचे। उन्होंने बंदूक की नोक पर हाइवा चालक को वाहन से नीचे उतारा और देखते ही देखते करोड़ों रुपये के वाहन को फूंक दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और माइनिंग साइट पर काम ठप होने की कगार पर है।
पुलिस की लापरवाही पर सवाल हैरानी की बात यह है कि इस हमले की पटकथा एक सप्ताह पहले ही लिखी जा चुकी थी। TSPC के प्रवक्ता कर्मवीर ने विज्ञप्ति जारी कर अधिकारियों को ‘लेवी’ (रंगदारी) के लिए खुली चेतावनी दी थी। एनसीसी कंपनी के जीएम ने पहले ही पुलिस को संभावित खतरे की जानकारी देकर सुरक्षा मांगी थी, लेकिन इसके बावजूद उग्रवादी वारदात को अंजाम देकर आसानी से निकल गए।
इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी घटना के बाद चतरा पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। हालांकि, पुलिस इसे सीधे तौर पर उग्रवादी घटना कहने से बच रही है, लेकिन दहशतजदा कर्मचारी काम पर लौटने से कतर रहे हैं। अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।



