रांची। मिशन 2019 को लेकर भाजपा पूरी तरह रेस है। चुनाव घोषणा से पहले भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को मथ रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, मोर्चा अध्यक्षों, लोकसभा संयोजकों और विस्तारकों के साथ मैराथन बैठक की। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को चुनावी टास्क दिया। बैठक को संबोधित करते हुए रामलाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं को जनता से सीधा संवाद करने का निर्देश दिया। कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों को लेकर कार्यकर्ता जनता के बीच जायें। कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के जितने लाभुक हैं, उनसे मिलें और बतायें कि केंद्र की मोदी और राज्य की रघुवर सरकार ने उनके हित में क्या-क्या कदम उठाये हैं। रामलाल ने कहा कि लगातार देश में भाजपा का कुनबा बढ़ रहा है। 2014 से पहले हमारी सरकार छह प्रदेशों में थी, आज बढ़कर 16 प्रदेशों में हो गयी है। कहा कि विपक्ष यह भ्रम फैला रहा है कि एनडीए का कुनबा बिखर रहा है। यदि चंद्रबाबू नायडू ने हमारा साथ छोड़ा है, तो नीतीश कुमार हमारे साथ जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के पास न ही नेता है और न नीति ही। क्या जनता महागठबंधन की सरकार लाकर मायावती को रक्षा मंत्री और लालू यादव जैसे नेता को वित्त मंत्री बनायेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा आज देश ही नहीं, विश्व की सबसे ज्यादा कार्यकर्ताओं वाली पार्टी है। 2014 से पहले हमारे पास ढाई करोड़ कार्यकर्ता थे, आज बढ़कर 11 करोड़ हो गया है। कहा कि ढाई करोड़ कार्यकर्ताओं के बल पर भाजपा ने 30 वर्षों के बाद पूर्ण बहुमत की सरकार बनायी है। अब तो 11 करोड़ हैं, इस बार भाजपा का लक्ष्य 400 पार है और अपनी नीतियों, नेतृत्व और कार्यकर्ताओंं के बल पर इसे पूरा करेंगे।
राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने पार्टी पदाधिकारियों को दिया टास्क
Previous Articleसंथाल के स्कूलों में ओलचिकी लिपि में भी शिक्षा : रघुवर दास
Next Article आजसू ने ठोंकी ताल, तीन सीटों पर करेंगे धमाल